scorecardresearch
 

UP: प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी बेटी, पिता ने चाकू से गोदकर कर दी हत्या

उत्तर प्रदेश के बांदा में 19 वर्षीय एक युवती की उसके पिता ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी. युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी और हाल ही में पुलिस ने उसे बरामद किया था. काउंसलिंग के दौरान गुस्साए पिता ने हमला कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
काउंसलिंग के दौरान की हत्या.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)
काउंसलिंग के दौरान की हत्या.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

उत्तर प्रदेश के बांदा में ऑनर किलिंग जैसी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई थी. परिवार और पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी तो गुस्से में आए पिता ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: बांदा: तलाक के बाद भी पैसों की मांग, ससुराल पहुंचा युवक तो लाठी-डंडों से पीटा, सिर में लगे 14 टांके

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आरोपी पिता को हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है.

प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी युवती

दरअसल, यह पूरा मामला बांदा के बदौसा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था.

Advertisement

बताया जा रहा है कि 18 मई को युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की.

लगातार खोजबीन के बाद 12 जून को पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद नियमानुसार उसे थाने लाया गया, जहां परिवार और पुलिस की मौजूदगी में काउंसलिंग की जा रही थी.

काउंसलिंग के दौरान हुआ खूनी हमला

पुलिस और परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ रहने की बात पर अड़ी रही. जानकारी के अनुसार, युवती ने प्रेमी के साथ शादी भी कर ली थी और उसी के साथ रहना चाहती थी.

काउंसलिंग के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच युवती के पिता ने आवेश में आकर धारदार हथियार निकाला और बेटी के पेट में वार कर दिया.

हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवती को उपचार के लिए सीएचसी अतर्रा पहुंचाया. वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

मां की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने युवती की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है. लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक पिता ने अपनी ही बेटी की जान ले ली.

एसपी ने बताई पूरी घटना

बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि 18 मई को बदौसा थाने में सूचना मिली थी कि एक युवती को उसका परिचित और पड़ोसी युवक अपने साथ भगा ले गया है. शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

एसपी के मुताबिक, 12 जून को युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया था. इसके बाद उसके माता-पिता को बुलाकर बातचीत और काउंसलिंग कराई जा रही थी.

उन्होंने बताया कि इसी दौरान युवती के पिता ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement