यूपी के बागपत में रिश्तों का खून हो गया. दो साल पहले महिला जिस घर में दुल्हन बनकर आई थी, उसी घर में उसे दर्दनाक मौत मिली. देवर ने भाभी को घर में अकेला पाकर ईंटों से कूच कर मार डाला और फिर खुद 25 फीट ऊंची छत से छलांग लगा दी.
वहीं, हत्या की वजह जानने के पुलिस आरोपी देवर के होश में आने का इंतजार कर रही है. इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक ही घर में बसा रिश्ता मौत में बदल गया.
कोतवाली खेकड़ा क्षेत्र अंतर्गत सांकरौद गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सनसनी फैला दी. यहां साहिल नाम के युवक ने अपनी ही भाभी चंचल की ईंट से वार कर निर्मम हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी करीब 25 फीट ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल, उसका इलाज मेरठ के हायर सेंटर में चल रहा है.
बताया जा रहा है कि लोनी की रहने वाली चंचल की शादी दो साल पहले साहिल के बड़े भाई नवीन से हुई थी. कुछ दिन पहले ही वह मायके से ससुराल लौटी थी. घटना वाले दिन घर में मौजूद साहिल ने अपनी मां को दूध लेने के बहाने घर से बाहर भेज दिया. जैसे ही घर में कोई नहीं रहा, वह कमरे में पहुंचा और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर चंचल को मौत के घाट उतार दिया. इतना ही नहीं हत्या को अंजाम देने के बाद साहिल ने खुद भी 25 फीट ऊंचाई से छलांग लगा दी.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर साहिल ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया? हत्या के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है. पूरा परिवार चुप्पी साधे हुए है, जबकि पुलिस आरोपी के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि वारदात की असली वजह सामने आ सके. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी के बयान के बाद ही इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठ पाएगा.