उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के मुस्लिम चेहरा माने जाने वाले सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. कभी वो सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मुस्लिम सियासत पर सवाल खड़े करते हैं तो कभी आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद को हमदर्द. एक महीने पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की शान में इमरान मसूद कसीदे गढ़ रहे थे और अपना भाई बता रहे थे, लेकिन अब बीजेपी का दलाल बताने लगे हैं.
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में आजतक से बात करते हुए कहा कि AIMIM के नेताओं को निशाने पर लिया. कांवड़ यात्रा पर AIMIM के नेताओं के सवाल खड़े किए पर इमरान मसूद ने AIMIM नाम लिए बगैर कहा कि फालतू और बेवकूफी की बातें न करें. कांवड़ में जो लोग जाते हैं, वो आस्था के लिए जाते हैं.
इमरान मसूद ने आगे कहा कि AIMIM के नेता बीजेपी की दलाली कर रहे हैं, बीजेपी की जुबान वो बोल रहे हैं, जिस तरह बीजेपी के लोग बोलते हैं, उसी तरह ओवैसी और उनकी पार्टी के नेता बातें कर रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर क्या वजह है कि इमरान मसूद अब ओवैसी की पार्टी के नेताओं के बीजेपी का दलाल बताने लगे हैं?
ओवैसी को बड़ा भाई बता रहे थे इमरान मसूद
सहारनपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने आजतक से बात करते हुए जून के महीने में असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा भाई और चंद्रशेखर आजाद को अपना दोस्त और हमदर्द बताया था. इमरान मसूद ने कहा कि यूपी में बीजेपी को कोई अकेले दम पर चुनाव नहीं हरा पाएगा. उत्तर प्रदेश में अगर कोई गलत फहमी में है तो वो दूर कर ले. राहुल गांधी का हाथ थामे बगैर कोई भी बीजेपी को नहीं हरा सकता है.
इमरान मसूद ने बीजेपी को तो सांप्रदायिक तो कहा था, लेकिन ओवैसी पर सांप्रदायिक होने का ठप्पा लगाने से बचते रहे. इससे पहले तक कांग्रेस के नेता असदुद्दीन ओवैसी को बीजेपी की बी-टीम कहते रहे, लेकिन इमरान मसूद उन्हें अपना बड़ा भाई बताया था. इतना ही नहीं AIMIM से गठबंधन के सवाल पर कहा था कि यह फैसला पार्टी करेगी. इस तरह से उन्होंने ओवैसी के साथ करीबी होने का रिश्ता बताया था, लेकिन उनके सुर बदल गए हैं.
ओवैसी को बीजेपी की दलाल बोल रहे इमरान
कांवड़ यात्रा पर AIMIM के सवाल खड़े किए जाने पर कांग्रेस सासंद इमरान मसूद ने आजतक से बात करते हुए कहा कि बेवकूफी की बातें ना करे और न ही फालतू की. उन्होंने आरोप लगाया कि AIMIM नेता बीजेपी की दलाली कर रहे हैं, ये बातें बोलकर क्या कर रहे हैं. बीजेपी की जुबान ओवैसी और उनके नेता बोल रहे हैं, जिस तरह दुसरे लोग बोलते हैं.
इमरान मसूद ने कहा कि कांवड़ यात्रा में जो लोग जा रहे हैं, वो अपनी आस्था के लिए आते हैं, उन सबका स्वागत सत्कार सम्मान करना चाहिए.मेरे क्षेत्र में जाकर देख लीजिए कावड़ियों के स्वागत के लिए जगह-जगह पर मेरे नाम से बोर्ड लगे होंगे, कांवड़ शिविर लगवाएंगे गए हैं. इसीलिए फालतू की बातें नहीं बोलनी चाहिए.
इमरान ने क्यों AIMIM को बीजेपी का दलाल बताया
असदुद्दीन ओवैसी ने पिछले दिनों सहारनपुर में एक बड़ी जनसभा की है, जहां पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे थे. इस दौरान ओवैसी ने सपा और कांग्रेस की मुस्लिम राजनीति पर सवाल खड़े किए थे. ओवैसी इन दिनों यूपी में लगातार सक्रिय हैं और AIMIM के नेता ने कांवड़ यात्रा पर भी सवाल उठाए हैं.
AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि सड़कों पर होने वाली 2 मिनट की ईद की नमाज रोकने वाले अधिकारी अब कांवड़ियों के लिए रूट डायवर्ट कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लोग नशे में चलते है. योगी सरकार उन पर कार्रवाई क्यों नहीं करती. बुलडोजर क्या सिर्फ मुस्लिमों पर ही चलेगा.
कांवड़ यात्रा पर AIMIM ने उठाया सवाल तो मसूद भड़के
शादाब चौहान ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस की दुकानें बंद करने वाले आदेश पर भी सवाल उठाया.उन्होंने कहा कि मुस्लिमों का एनकाउंटर करने वाली पुलिस कांवड़ियों के पैर क्यों दबाएगी और उन पर फूल क्यों बरसाएगी. कांवड़ यात्रा के लिए विशेष इंतजाम करना गलत है. इसके लिए रूट डायवर्ट क्यों किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि क्या भारत के संविधान में किसी एक आस्था को जगह दी गई है? भारत ने तो सबको बराबरी का अधिकार दिया है. जो लोग दो मिनट की नमाज पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे और कहते थे कि हमने नमाज बंद करा दी. भारत के संविधान में ये प्रावधान कहां है कि किसी एक की आस्था पर आप कार्रवाई करेंगे.
शादाब चौहान ने कहा कि कुछ गुंडे आइडेंटिफिकेशन के नाम पर मुस्लिम दुकानदारों की दुकान पर जाकर चेकिंग कर रहे हैं. उनको ये अधिकार किसने दिया.ऐसा करने वाले वे हैं कौन. सावन के महीने में मांस की बिक्री पर रोक लगा दी, ये तो सिर्फ आपकी आस्था है. क्या आप रमजान में शराब पर भी पाबंदी लगाएंगे. इस मुद्दे पर बोलते हुए इमरान मसूद ने AIMIM नेताओं को बीजेपी का दलाल बता दिया है.