scorecardresearch
 

'अखिलेश यादव 2014 से लगातार नाकाम साबित हो रहे', सपा पर बरसे ओवैसी; बहराइच की मटेरा सीट से उम्मीदवार किया घोषित

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच की रैली में यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मटेरा सीट से शौकत अली को उम्मीदवार घोषित किया है. ओवैसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को नाकाम बताते हुए बीजेपी को हटाने के लिए सम्मानजनक गठबंधन की बात कही और बुलडोजर-एनकाउंटर पर बेबाक बयान दिया.

Advertisement
X
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Photo: ITG)
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Photo: ITG)


एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की मटेरा विधानसभा सीट के शंकरपुर चौराहा पर आयोजित एक विशाल जनसभा में अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी के साथ उतरने और बीजेपी को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए इस रैली को आयोजित किया गया था. ओवैसी ने गठबंधन के लिए बराबरी और इज्जत की शर्त रखते हुए समाजवादी पार्टी और मौजूदा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा.

इत्तिहाद की ताकत से बदलेगा गेम

बहराइच के मटेरा में 'नारा-ए-तकबीर... अल्लाहु अकबर' के नारों के बीच ओवैसी ने चुनावी बिगुल फूंका. ओवैसी ने जनता से कहा कि इंशा अल्लाह, मटेरा से लेकर बहराइच और पूरे उत्तर प्रदेश में मजलिस इत्तिहाद की ताकत से पूरा गेम बदल देगी. 

उन्होंने बेबाकी से कहा कि उन्हें न तो बुलडोजर का डर है और न ही एनकाउंटर का खौफ है. ओवैसी ने मंच से खुलकर ऐलान किया कि वे 'आई लव मुहम्मद' कहने से कभी पीछे नहीं हटेंगे.

अखिलेश यादव पर तीखा हमला

ओवैसी ने 'आज तक' से खास बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 2014 से लगातार नाकाम साबित हो रहे हैं. बिहार चुनाव के दौरान अखिलेश ने मजलिस के खिलाफ झूठा कैंपेन चलाया था. बसपा और सपा से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि किससे बात होगी, यह वक्त बताएगा. उन्होंने साफ किया कि वे गठबंधन के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें बराबरी और इज्जत का स्थान मिलना चाहिए.

Advertisement

सपा के गढ़ में मजलिस की चुनौती

वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद से मटेरा विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी का परंपरागत गढ़ रही है. वर्तमान में सपा के दिग्गज नेता वकार अहमद शाह की बहू मारिया शाह यहां से विधायक हैं. इस पारंपरिक सीट पर ओवैसी द्वारा शौकत अली को उतारने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. एआईएमआईएम के इस कदम से बहराइच की राजनीति में हलचल मच गई है और मजलिस का परचम लहराने की तैयारी शुरू हो गई है.

बकौल ओवैसी- हम दरी बिछाने का काम नहीं करेंगे. अब दरी बिछाने की नहीं, हिस्सेदारी की बात होगी. मुस्लिम समुदाय अब केवल दूसरों के लिए दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी और बराबरी की बात करेगा. अगर कोई बीजेपी को रोकने के लिए इज्जत के साथ बात होगी और हिस्सेदारी की बात करेगा तो AIMIM और ओवैसी तैयार है. लेकिन इस हिस्सेदारी में हम दरी नहीं बिछाएंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement