scorecardresearch
 

UP: दावत के दौरान शराब के नशे में बारातियों का हंगामा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

आगरा के डौकी क्षेत्र में शादी के दौरान बारातियों ने शराब के नशे में हंगामा किया. मारपीट और तोड़फोड़ के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दुल्हन विनीता ने भी शादी तोड़ दी. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अभी तक किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

Advertisement
X
शराब के नशे में बारातियों ने किया बवाल (Photo: Screengrab)
शराब के नशे में बारातियों ने किया बवाल (Photo: Screengrab)

आगरा में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब दावत के दौरान बारातियों ने शराब के नशे में हंगामा कर दिया. मामला थाना डौकी क्षेत्र के तेजपाल की ठार गांव का है, जहां विनीता की शादी फिरोजाबाद के रहने वाले श्रीनिवास के साथ तय हुई थी. सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे बाराती खाना खा रहे थे. इसी दौरान खाने को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई. आरोप है कि नशे में धुत बारातियों ने लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की और शादी समारोह में तोड़फोड़ भी की.

हंगामे के कारण शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया. खुशी का माहौल तनाव और डर में बदल गया. मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता ही गया. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक समझौते की कोशिश चलती रही, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका.

खाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप

इस पूरे घटनाक्रम के बाद दुल्हन विनीता ने भी साफ शब्दों में शादी से मना कर दिया. विनीता ने कहा कि जब खुशी के मौके पर ही इस तरह का व्यवहार हुआ है, तो वह ऐसे परिवार में शादी नहीं करेगी. उसने कहा कि अब वह उस घर नहीं जाएगी, जहां उसकी खुशी का गला घोंट दिया गया.

पुलिस पहुंची मौके पर, लेकिन बिना शिकायत के कार्रवाई रुकी

घटना की सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. हालांकि, तब तक बाराती वहां से जा चुके थे. पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस का कहना है कि यदि कोई तहरीर मिलती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मायूसी में बदल गईं. लड़की पक्ष के घर में सन्नाटा पसरा हुआ है और पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement