scorecardresearch
 

किन्नर के बाद लड़की से रचाई शादी! पहली पत्नी पहुंची थाने, सुनाई पति की थर्ड मैरिज की कहानी

झांसी में एक महिला ने पति अजय सिंह पर प्रताड़ित कर घर से निकालने, फिर किन्नर और एक अन्य लड़की से तीसरी शादी करने का आरोप लगाया है. पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, महिला द्वारा 2019 में दर्ज दहेज का केस और कोर्ट में तलाक का मामला फिलहाल विचाराधीन है.

Advertisement
X
महिला ने अपने पति अजय सिंह के खिलाफ लगाए गंभीर आरोप (Photo- ITG)
महिला ने अपने पति अजय सिंह के खिलाफ लगाए गंभीर आरोप (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है. महिला का आरोप है कि उसके पति ने पहली पत्नी के रहते हुए पहले एक किन्नर से और अब एक अन्य लड़की से तीसरी शादी रचा ली है. पीड़िता महोबा जिले के नयापुरा नयकाना मोहल्ले की रहने वाली है. 

महिला ने अपने पति अजय सिंह के खिलाफ पहली पत्नी के जीवित रहते हुए पहले किन्नर और फिर एक लड़की से तीसरी शादी करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. साल 2015 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने महिला और उसके बेटे को घर से निकाल दिया था. पीड़ित महिला अपने 9 साल के बेटे के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करने को मजबूर है और आरोपी पति तथा इस कृत्य में उसका साथ देने वाले ससुराल वालों को जेल भिजवाने के लिए थानों के चक्कर काट रही है.  

दहेज के लिए मारपीट और घर से निकाला

पीड़िता के अनुसार, 11 अक्टूबर 2015 को अजय सिंह के साथ उसकी शादी हुई थी, जिसमें मायके वालों ने हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था. महिला के ससुर जगदीश प्रसाद आरपीएफ (RPF) से रिटायर्ड कर्मी हैं. शादी के बाद एक बेटा पैदा हुआ, जिसके बाद से ही पति अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने लगा. मायके वालों के समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और एक दिन पत्नी व मासूम बेटे को घर से बेदखल कर दिया.

Advertisement

पहले किन्नर और अब लड़की से रचाई शादी

घर से निकालने के बाद आरोपी पति ने एक किन्नर से दूसरी शादी कर ली और उसे पत्नी के रूप में अपने साथ रखने लगा. महिला का आरोप है कि अब उसके पति ने एक लड़की से तीसरी शादी भी रचा ली है. पीड़िता ने एसएसपी (SSP) कार्यालय पहुंचकर साक्ष्य सौंपे, तो उसे इन सबूतों को एआई (AI) से निर्मित बताने और मामला रफा-दफा करने की नसीहत दी गई. महिला का कहना है कि संपन्न ससुराल होने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल रहा है.

मामले पर पुलिस मीडिया सेल का स्पष्टीकरण

इस हैरान करने वाले मामले के सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस मीडिया सेल ने एक्स (ट्विटर) पर आधिकारिक जानकारी साझा की है. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला द्वारा साल 2019 में ही महिला थाने में आरोपियों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है. इसके साथ ही दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में तलाक का मामला भी चल रहा है. महिला द्वारा हाल ही में लगाए गए अन्य आरोपों की पुलिस जांच करा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement