scorecardresearch
 

झांसी: 524 गैस सिलेंडरों की चोरी का खुलासा, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एजेंसी मालिक समेत 7 को दबोचा, पुलिस कर रही रखवाली

झांसी में गैस प्लांट के बाहर से चोरी हुए 524 सिलेंडरों को पुलिस ने बरामद कर लिया है. पूर्व ट्रक ड्राइवरों ने वेतन बकाया होने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया और सिलेंडरों को एक एजेंसी मालिक को बेच दिया था. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने थाने पर फायर ब्रिगेड का कड़ा पहरा बैठाया है.

Advertisement
X
झांसी में चोरी हुए गैस सिलेंडर बरामद (Photo- ITG)
झांसी में चोरी हुए गैस सिलेंडर बरामद (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: झांसी की सीपरी बाजार थाना पुलिस और एसओजी टीम ने एक संयुक्त अभियान के दौरान 524 गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चोरी का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गैस एजेंसी मालिक सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 11 लाख रुपये से अधिक की नकदी और सभी सिलेंडर बरामद किए. 

इस वारदात को ट्रक मालिक के दो पूर्व ड्राइवरों ने अपने 60-70 हजार रुपये के बकाये की वसूली के लिए अंजाम दिया था. चोरी किए गए सिलेंडरों में 379 भरे हुए और 135 खाली सिलेंडर शामिल हैं, जिन्हें आरोपियों ने 70 किलोमीटर दूर समथर की एक एजेंसी को बेच दिया था. फिलहाल, अब इन सिलेंडरों की रखवाली की जा रही है. 

बदले की आग में बने चोर

पकड़े गए मुख्य आरोपी जावेद और रितिक पहले ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के पास काम करते थे. नौकरी से निकाले जाने के बाद उनका वेतन बकाया था, जिसकी भरपाई के लिए उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 से 6 मार्च के बीच गैस प्लांट के बाहर से ट्रक पार कर दिया. वारदात के बाद उन्होंने खाली ट्रक झांसी-कानपुर हाईवे पर छोड़ दिया था. पुलिस ने इनके पास से तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है.

Advertisement

समथर की गैस एजेंसी पर हुई सौदेबाजी

आरोपियों ने चोरी के माल को समथर स्थित शिव गैस एजेंसी के मालिक को 13 लाख रुपये में बेच दिया था. पुलिस ने एजेंसी से जुड़े शुभांकर, अभिषेक और सुरेंद्र को भी गिरफ्तार किया है. बरामद 11 लाख 10 हजार रुपये के अलावा, खाली किए गए सिलेंडरों की गैस बेचकर कमाए गए 83 हजार रुपये भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं. झांसी एसएसपी ने इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है.

थाने पर फायर ब्रिगेड का पहरा

चूंकि, भारी मात्रा में गैस से भरे सिलेंडर बरामद हुए हैं, इसलिए सुरक्षा को लेकर पुलिस काफी सतर्क है. थाने में रखे इन सिलेंडरों की चौबीसों घंटे रखवाली की जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना या आगजनी के खतरे को देखते हुए थाने के बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ी को तैनात किया गया है.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement