scorecardresearch
 

जिम में रोज करता था वर्कआउट, एक शिकायत ने खत्म करवा दी सदस्यता; वजह जानकर छिड़ी बहस

चीन के एक जिम ने अपने सदस्य की बची हुई फीस लौटाकर उसकी मेंबरशिप खत्म कर दी. वजह थी दूसरे ग्राहकों की लगातार शिकायतें कि वर्कआउट के दौरान उसके शरीर से तेज गंध आती है. अब यह मामला सिर्फ एक जिम का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और व्यक्तिगत गरिमा पर बहस का विषय बन गया है.

Advertisement
X
चीन के हांगझोउ शहर में रहने वाले एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ ? (Photo; Pexel)
चीन के हांगझोउ शहर में रहने वाले एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ ? (Photo; Pexel)

अगर आपने तीन साल की जिम मेंबरशिप ली हो और एक दिन अचानक मैसेज आए कि 'अब आप यहां वर्कआउट नहीं कर सकते', तो आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या होगी? चीन में एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ और वजह जानकर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया.

सोचिए, आपने पूरे तीन साल की जिम मेंबरशिप ली हो. रोज एक्सरसाइज करते हों, फिटनेस पर मेहनत कर रहे हों और एक दिन अचानक मोबाइल पर मैसेज आए-अब आप जिम मत आइए.

न कोई झगड़ा, न फीस का विवाद और न ही कोई नियम तोड़ने का आरोप. वजह सिर्फ इतनी कि आपके शरीर से आने वाली गंध से दूसरे लोग असहज महसूस कर रहे हैं.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के हांगझोउ शहर में रहने वाले एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ. यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई है.

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, शी (Shi) नाम के शख्स ने मई 2025 में करीब 6,388 युआन देकर तीन साल की जिम मेंबरशिप खरीदी थी. उनकी सदस्यता अप्रैल 2028 तक चलनी थी.लेकिन 20 जून को उन्हें जिम की ओर से एक मैसेज मिला. उसमें लिखा था कि काफी सोच-विचार के बाद उनकी सदस्यता खत्म करने का फैसला लिया गया है. साथ ही बची हुई अवधि के पैसे वापस करने की बात भी कही गई.बाद में उन्हें 3,888 युआन लौटाए गए और दूसरे जिम की तीन महीने की मेंबरशिप भी ऑफर की गई.

Advertisement

आखिर जिम ने ऐसा फैसला क्यों लिया?

जिम प्रबंधन का कहना है कि कई ग्राहकों ने बार-बार शिकायत की थी कि वर्कआउट के दौरान शी के शरीर से तेज गंध आती है, जिससे उन्हें परेशानी होती है.स्टाफ के मुताबिक, कुछ सदस्य उनके इस्तेमाल के बाद मशीनों पर जाने से बचते थे, जबकि कई लोग उनके पास वाले ट्रेडमिल पर भी वर्कआउट नहीं करना चाहते थे.

जिम का कहना है कि उसने पहले इस समस्या का दूसरा समाधान निकालने की कोशिश की. शी को कम भीड़ वाले समय में आने और जिम के एक कोने में एक्सरसाइज करने की सलाह भी दी गई, लेकिन शिकायतें कम नहीं हुईं.

शख्स ने भी रखी अपनी बात

शी ने माना कि उन्हें सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा पसीना आता है, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा दूसरों का ध्यान रखा.उनके मुताबिक, वह कई तौलिए साथ लेकर आते थे, मशीनों को साफ करते थे और वर्कआउट के दौरान पसीना फैलने से रोकने की पूरी कोशिश करते थे.उन्होंने यह भी कहा कि वह उसी जिम में बने रहना चाहते थे, क्योंकि वह उनके घर के सबसे करीब था.

45 किलो वजन घटाकर बदली थी जिंदगी

रिपोर्ट के मुताबिक, शी पहले 125 किलो के थे. करीब 10 साल पहले उन्होंने मेहनत करके अपना वजन घटाकर 80 किलो कर लिया. इसके बाद फिटनेस उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई.वह हफ्ते में करीब पांच दिन जिम जाते थे और नियमित रूप से वर्कआउट करते थे. ऐसे में जिम की सदस्यता खत्म होने से उन्हें सबसे ज्यादा झटका लगा.

Advertisement

क्या ज्यादा पसीना आना हमेशा सामान्य होता है?

विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ लोगों को सामान्य से ज्यादा पसीना आता है. इसके पीछे मौसम, खान-पान, तनाव, हार्मोन या कुछ चिकित्सकीय कारण भी हो सकते हैं. कई बार ज्यादा पसीने की वजह से शरीर से तेज गंध भी आ सकती है.हालांकि, इस मामले में यह स्पष्ट नहीं है कि शी को कोई चिकित्सकीय समस्या थी या नहीं.

सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी

यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई.कुछ यूजर्स ने जिम के फैसले का समर्थन किया. उनका कहना था कि अगर बड़ी संख्या में ग्राहक असहज महसूस कर रहे थे, तो प्रबंधन के पास कार्रवाई करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था.वहीं कई लोगों ने इसे संवेदनशीलता का मामला बताया. उनका कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को ऐसी समस्या है, तो उसे बाहर करने के बजाय कोई बेहतर समाधान निकाला जाना चाहिए था.

एक यूजर ने लिखा कि अगर यह किसी मेडिकल वजह से था, तो जिम को मदद करनी चाहिए थी.दूसरे ने कहा कि यह सिर्फ शरीर की गंध का मामला नहीं, बल्कि किसी इंसान की गरिमा से भी जुड़ा सवाल है.

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि जिम फिटनेस सुधारने की जगह है. अगर कोई व्यक्ति मेहनत कर रहा है, तो उसके साथ थोड़ा संवेदनशील व्यवहार भी होना चाहिए.

Advertisement

अब बहस सिर्फ जिम की नहीं रही

यह मामला अब सिर्फ एक सदस्य और जिम के बीच का विवाद नहीं रह गया है. इसने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब किसी एक व्यक्ति की परेशानी और बाकी लोगों की सुविधा आमने-सामने आ जाए, तो सही फैसला क्या होना चाहिए?

यही वजह है कि चीन की यह घटना अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है. सोशल मीडिया पर लोग इसे फिटनेस, व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल स्थिति और इंसान की गरिमा चारों नजरियों से देख रहे हैं.

अगर आप उस जिम के मालिक होते, तो क्या करते? सदस्यता रद्द करते या कोई दूसरा रास्ता निकालते? यही सवाल इस समय सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement