सोशल मीडिया पर अक्सर लोग पूछते हैं कि आखिर कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई कितनी होती है. अब एक कपल ने इस सवाल का जवाब अपनी पूरी इनकम डिटेल्स के साथ दिया है. टेक सेक्टर की लाखों रुपये की नौकरी छोड़ने वाले इस कपल का दावा है कि उन्होंने कंटेंट क्रिएशन से तीन साल में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की.
मुस्कान मित्तल और आशीष गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपनी टेक जॉब से लेकर फुल-टाइम कंटेंट क्रिएटर बनने तक का सफर बताया. उनका कहना है कि पिछले तीन साल में हजारों लोगों ने उनसे पूछा कि वे ट्रैवल और कंटेंट क्रिएशन का खर्च कैसे उठाते हैं. इसी वजह से उन्होंने पहली बार अपनी कमाई का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया.
पहले करते थे टेक सेक्टर में नौकरी
वीडियो में आशीष गुप्ता ने बताया कि कंटेंट क्रिएशन शुरू करने से पहले वह डेटा एनालिस्ट थे और उनकी इन-हैंड सैलरी करीब 12 लाख रुपये सालाना थी. वहीं मुस्कान मित्तल सॉफ्टवेयर डेवलपर थीं और उन्हें करीब 23 लाख रुपये सालाना मिलते थे. यानी दोनों की संयुक्त सालाना आय करीब 35 लाख रुपये थी.
देखें वीडियो
ऐसे हुई कंटेंट क्रिएशन की शुरुआत
कपल के मुताबिक, मई 2023 में उन्होंने ट्रैवल से जुड़े वीडियो बनाना शुरू किया. वियतनाम ट्रिप का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसे 20 हजार से ज्यादा व्यूज मिले. इसके बाद उन्होंने नियमित रूप से ट्रैवल, रिलेशनशिप और हेल्थ से जुड़ा कंटेंट पोस्ट करना शुरू कर दिया.
उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2023 में उन्हें पहला पेड ब्रांड कोलैबोरेशन मिला, जिसके लिए 15 हजार रुपये मिले. उस समय दोनों नौकरी भी कर रहे थे और पार्ट-टाइम कंटेंट बना रहे थे. साल 2023 में कंटेंट से उनकी कुल कमाई करीब 6.5 लाख रुपये रही.
2024 में छोड़ दी नौकरी
मुस्कान और आशीष ने बताया कि 2024 में उन्होंने अपनी टेक जॉब छोड़कर पूरी तरह कंटेंट क्रिएशन पर फोकस करने का फैसला किया. इसी दौरान उन्होंने एक एजेंसी के साथ काम शुरू किया. इसके अलावा एफिलिएट मार्केटिंग और ग्रुप ट्रिप्स से भी कमाई होने लगी.
उनके मुताबिक, 2024 में उनकी कुल कमाई करीब 45.3 लाख रुपये रही. यह रकम उनकी टेक जॉब के दौरान मिलने वाली संयुक्त सालाना सैलरी से भी ज्यादा थी.
तीसरे साल 1 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने का दावा
वीडियो में कपल ने दावा किया कि 2025 उनके लिए सबसे सफल साल साबित हुआ. उन्होंने एजेंसी छोड़कर सीधे ब्रांड्स के साथ काम करना शुरू किया. साथ ही यूट्यूब और फेसबुक मोनेटाइजेशन, एफिलिएट मार्केटिंग, ब्रांड डील्स, डिजिटल प्रोडक्ट्स और ग्रुप ट्रिप्स से भी कमाई की.कपल के अनुसार, 2025 में उनकी कुल आय 1.09 करोड़ रुपये रही.
2026 में भी जारी है कमाई
मुस्कान ने बताया कि 2026 के पहले चार महीनों में ही वे 21.6 लाख रुपये कमा चुके हैं. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यह ग्रॉस इनकम है. इसमें कंटेंट बनाने, ट्रैवल, टीम और दूसरे बिजनेस खर्च शामिल नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कंटेंट क्रिएशन एक सीजनल इंडस्ट्री है, इसलिए हर महीने कमाई एक जैसी नहीं होती.
वीडियो हो रहा वायरल
मुस्कान और आशीष का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई यूजर्स उनकी पारदर्शिता की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि कंटेंट क्रिएशन में इतनी सफलता हर किसी को नहीं मिलती. फिलहाल, कपल की ओर से साझा किए गए इनकम के आंकड़ों का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हुआ है.