एक पोलिश व्यक्ति ने नौ वर्षों में 139 असफल प्रयासों के बाद आखिरकार ड्राइविंग टेस्ट की सैद्धांतिक परीक्षा पास की. पोलैंड के टार्नोव के रहने वाले इस शख्स के इस लगन और दृढ़ इरादे की काफी चर्चा हो रही है.
पोलैंड में ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए थ्योरिटिकल एग्जाम पास करना एक अनिवार्य चरण होता है. इस परीक्षा को पास करने के लिए शख्स ने 9 साल में 139 प्रयास किए. पोलैंड में भी अन्य यूरोपीय देशों की तरह, ड्राइविंग सीखने के इच्छुक उम्मीदवारों को व्यावहारिक परीक्षा देने से पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा उत्तीर्ण करनी होती है. यदि कोई व्यक्ति इस सैद्धांतिक परीक्षा को उत्तीर्ण नहीं करता है, तो उसे ड्राइविंग परीक्षा देने का अवसर भी नहीं मिलता है.
अधिकांश लोगों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए केवल 1 से 3 प्रयास ही पर्याप्त होते हैं, लेकिन कुछ मामलों में इसमें वर्षों लग सकते हैं और दर्जनों प्रयास करने पड़ सकते हैं. ओडिटिसेंट्रल की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह, पोलैंड के टार्नोव शहर में स्थित मालोपोल्स्का सड़क यातायात केंद्र ने घोषणा की कि एक स्थानीय व्यक्ति ने 139 प्रयासों के बाद सैद्धांतिक ड्राइविंग परीक्षा पास की है.
परीक्षा फीस में खर्च कर दिए 2100 डॉलर
वह 2017 से प्रयास कर रहा था और परीक्षा शुल्क के रूप में 1,800 यूरो (2,100 डॉलर) खर्च कर चुका था. टार्नोव परीक्षा केंद्र के निदेशक पावेल गुरगुल ने कहा कि इस व्यक्ति ने परीक्षा देने का इरादा नहीं छोड़ा. इससे पता चलता है कि ड्राइविंग लाइसेंस उसके लिए कितना महत्वपूर्ण है. अब वह प्रैक्टिकल परीक्षा का इंतजार कर रहा है.
गुरगुल ने बताया कि जब उस अज्ञात व्यक्ति ने दर्जनों बार परीक्षा में असफल होने के बाद उनसे बातचीत की, तो उन्हें पता चला कि उम्मीदवार परीक्षा की तैयारी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले टेस्ट के डेमो संस्करण का उपयोग कर रहा था, जिसमें सभी संभावित प्रश्न शामिल नहीं थे.
जब उसने कार्यक्रम के पूर्ण संस्करण का इस्तेमाल करना शुरू किया, जिसमें सभी प्रश्न शामिल थे, तो वह सकारात्मक परिणाम के करीब पहुंचता गया. कम से कम अंक गंवाता गया और अंततः वह पास हो गया.
ड्राइविंग सीखने के इच्छुकइस शख्स के लिए बुरी खबर यह है कि उसे प्रैक्टिकल ड्राइविंग टेस्ट पास करना होगा. यदि वह असफल होता है, तो उसे ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए दोबारा थ्योरी टेस्ट देना होगा.
हालांकि यह बेहद असामान्य है, लेकिन 139 प्रयास में सैद्धांतिक ड्राइविंग परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी नहीं हैं. पोलिश मीडिया ने बताया कि पियोत्रकोव ट्रिबुनल्स्की के एक ड्राइवर को ड्राइविंग थ्योरी परीक्षा उत्तीर्ण करने में 17 साल और 163 प्रयास लगे थे. उनकी लगन की वाकई सराहना करनी चाहिए.