शादी में दूल्हा-दुल्हन को मिलने वाले कुछ तोहफे ऐसे होते हैं, जिन्हें वे जिंदगीभर नहीं भूल पाते. कजाकिस्तान में एक कपल को शादी पर उनके दोस्तों ने ऐसा ही अनोखा तोहफा दिया. दूल्हे के दोस्तों ने AI की मदद से एक फिल्म बनाई, जिसमें दूल्हा-दुल्हन को अलग-अलग दौर और काल्पनिक दुनिया में एक-दूसरे से मिलते हुए दिखाया गया. आखिर में कहानी उस पल तक पहुंचती है, जब दोनों असल जिंदगी में पहली बार मिले थे.
आमतौर पर शादी में कपल की पुरानी तस्वीरों और वीडियो को मिलाकर स्लाइड शो तैयार किया जाता है, लेकिन दूल्हे के दोस्तों ने इससे बिल्कुल अलग करने का फैसला किया. उन्होंने कपल की प्रेम कहानी को AI की मदद से एक सिनेमाई सफर में बदल दिया.
कभी योद्धा तो कभी काउबॉय बने दूल्हा-दुल्हन
AI से तैयार फिल्म की शुरुआत एक प्राचीन युद्ध के मैदान से होती है. यहां दूल्हा और दुल्हन निडर योद्धाओं के रूप में दिखाई देते हैं. इसके बाद कहानी उन्हें 'वाइल्ड वेस्ट' के दौर में ले जाती है, जहां दोनों काउबॉय के रूप में नजर आते हैं और धूल भरे रास्तों पर घोड़ों की सवारी करते दिखाई देते हैं.
इसके बाद कपल को इतिहास के अलग-अलग दौर और काल्पनिक दुनिया में दिखाया जाता है. हर बार दुनिया और समय बदल जाता है, लेकिन दोनों किसी न किसी तरह एक-दूसरे से मिलते रहते हैं.
फिल्म के पीछे विचार यह था कि कुछ रिश्ते समय की सीमाओं से परे होते हैं. अगर दो लोगों का एक-दूसरे से मिलना तय है तो वे किसी भी दौर या दुनिया में क्यों न हों, किस्मत उन्हें आखिरकार मिला ही देती है.
आखिर में दिखाया पहली मुलाकात का पल
वीडियो का सबसे भावुक हिस्सा आखिर में आता है. सदियों के काल्पनिक सफर के बाद कहानी वर्तमान में लौटती है और उस पल को दोबारा दिखाती है, जब दूल्हा-दुल्हन असल जिंदगी में पहली बार मिले थे. इस तरह एक काल्पनिक कहानी अचानक कपल की असली प्रेम कहानी से जुड़ जाती है.
शादी के दौरान जब दुल्हन को यह वीडियो दिखाया गया तो उसका रिएक्शन देखने लायक था. वीडियो देखते हुए वह हैरानी से अपने मुंह पर हाथ रखती नजर आई और फिर उसके चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान आ गई. दोस्तों की ओर से मिले इस खास तोहफे ने उसे भावुक कर दिया.
इस खास पल के वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. यूजर्स ने दूल्हे के दोस्तों की क्रिएटिविटी की जमकर तारीफ की. कई लोगों ने इसे शादी में मिलने वाले सबसे यादगार तोहफों में से एक बताया. वहीं कुछ यूजर्स का कहना था कि यह वीडियो दिखाता है कि AI का इस्तेमाल सिर्फ मनोरंजन के लिए ही नहीं, बल्कि यादों और रिश्तों को बेहद खास अंदाज में संजोने के लिए भी किया जा सकता है.