महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अक्सर चिंताजनक खबरें सामने आती रहती हैं. ऐसे माहौल में दिल्ली के एक कैब ड्राइवर का छोटा-सा व्यवहार सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. एक वायरल वीडियो में ड्राइवर ने देर रात अकेले सफर कर रही युवती और उसके भाई को जिस तरह भरोसा दिलाया, उसकी लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं.
यह वीडियो X पर लक्ष्य मेहता ने शेयर किया है. वीडियो में एक युवती रात के समय दिल्ली से गुरुग्राम जाने के लिए कैब में बैठती नजर आती है. उसका भाई बाहर खड़ा होकर बार-बार उसे रास्ते में अपडेट देते रहने और सुरक्षित पहुंचने की बात कहता है.
'यह मेरी भी बहन है'
भाई की चिंता देखकर कैब ड्राइवर खुद बातचीत में शामिल हो जाता है. वह युवती के भाई से कहता है कि मेरे नंबर और पते की फोटो ले लो, गाड़ी के बाहर लिखा हुआ है. यह मेरी भी बहन है.ड्राइवर की यह बात सुनकर युवती उसे धन्यवाद देती है और कहती है कि घरवालों को चिंता होती है. शुक्रिया भैया.
इसके जवाब में ड्राइवर जो कहता है, वही लोगों का दिल जीत रहा है. वह मुस्कुराते हुए कहता है कि टेंशन मत लो. ये आपके भाई की ही कैब है. आराम से बैठो.
देखें वीडियो
इतना ही नहीं, वह आगे कहता है कि मेरा पता लिखा हुआ है, फोटो ले लो, कोई दिक्कत नहीं है. फिर युवती के भाई से कहता है कि तुम्हारा भाई यूट्यूबर है, इसे अपनी छोटी बहन की तरह छोड़कर आऊंगा. बिल्कुल टेंशन मत लो.आखिर में वह कहता है कि बिना टेंशन के बैठो. ऐसा समझो कि अपने ही भाई की गाड़ी में जा रहे हो.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हजारों यूजर्स ने कैब ड्राइवर की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की तारीफ की है. कई लोगों ने लिखा कि ऐसे लोग समाज में भरोसा बनाए रखते हैं. वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर डर के माहौल के बीच इस तरह की छोटी-छोटी घटनाएं इंसानियत पर भरोसा मजबूत करती हैं.