scorecardresearch
 

ऑफिस आने में लगती थी ठंड... बॉस ने कर्मचारियों को गिफ्ट कर दी BMW!

चीन में एक बॉस ने अपने कर्मचारियों को बीएमडब्ल्यू गिफ्ट कर दिया. वो भी सिर्फ इसलिए क्योंकि उनके स्टाफ को ठंड के मौसम में ऑफिस आने में परेशानी होती थी.

Advertisement
X
स्टाफ को सर्दी के मौसम में ऑफिस आने में होती थी परेशानी, तो बॉस ने गिफ्ट कर दी बीएमडब्लू कार (Photo - AI Generated)
स्टाफ को सर्दी के मौसम में ऑफिस आने में होती थी परेशानी, तो बॉस ने गिफ्ट कर दी बीएमडब्लू कार (Photo - AI Generated)

आमतौर पर कर्मचारी अपने बॉस से सैलरी बढ़ाने, बोनस या छुट्टी की उम्मीद करते हैं. लेकिन चीन में एक बॉस ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्होंने शायद कभी कल्पना भी नहीं की थी. यहां एक रेस्टोरेंट चेन की मालकिन ने अपने बेहतरीन कर्मचारियों को नई-नई BMW कारें गिफ्ट कर दीं. वजह भी बेहद दिलचस्प थी. बॉस ने देखा कि उसके कर्मचारी कड़ाके की ठंड में इलेक्ट्रिक स्कूटर से ऑफिस आते हैं और ठिठुरते हुए काम शुरू करते हैं.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला चीन के हेनान प्रांत के जियाओज़ुओ शहर का है. यहां  हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वालीं मा यानली ने अपने कुछ बेहतरीन कर्मचारियों को नई BMW कारें गिफ्ट की हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 24 सितंबर को कर्मचारियों को कार की चाबी सौंपी.

एक कर्मचारी को ठंड में देखकर आया आइडिया
मा यानली ने बताया कि उन्हें कर्मचारियों को कार देने का ख्याल पिछले साल सर्दियों में आया था. उनके कर्मचारी आमतौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर से काम पर आते थे. एक सुबह उन्होंने अपनी कर्मचारी ली जी को रेस्टोरेंट पहुंचते देखा. ठंड की वजह से उसका चेहरा लाल हो गया था. कान बैंगनी पड़ गए थे और ठंडी हवा के कारण उसके हाथ तक अकड़ गए थे.

यह देखकर मा यानली को काफी बुरा लगा. ली जी उनके रेस्टोरेंट में करीब आठ साल से काम कर रही थीं. मा ने कहा कि मैं अपनी कार में बैठकर गर्मी और आराम के साथ सफर कर सकती हूं. फिर वह ऐसा क्यों नहीं कर सकती? यहीं से उन्होंने तय किया कि अपने मेहनती कर्मचारियों को कार गिफ्ट करेंगी.

Advertisement

30 लाख नहीं, करीब 30 लाख युआन की BMW!
मा यानली ने जिन कर्मचारियों को BMW दी, उनमें ली जी भी शामिल थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्येक कार की कीमत करीब 3 लाख युआन यानी लगभग 45 हजार अमेरिकी डॉलर थी.

मा ने इन कारों को करीब दो हफ्ते पहले ही पूरी रकम देकर खरीद लिया था. 24 सितंबर को कर्मचारियों को BMW शोरूम ले जाया गया, जहां उनके नाम पर कारों का रजिस्ट्रेशन कराया गया.

ली जी को जब यह खबर मिली तो वह बेहद खुश थीं. उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा तोहफा मिलेगा. यहां तक कि कार लेने जाते समय बॉस ने उन्हें सिर्फ इतना बताया था कि वह उन्हें एक बड़ा खिलौना देने वाली हैं. सबसे खास बात यह रही कि ली जी को कार के लिए एक पैसा भी नहीं देना पड़ा. मा ने उनसे इसके बदले किसी तरह का एग्रीमेंट भी साइन नहीं कराया.

कंपनी की सफलता में कर्मचारियों का भी हिस्सा
मा यानली का कहना है कि उन्होंने अकेले यह सफलता हासिल नहीं की है. उनके मुताबिक, कंपनी की तरक्की में कर्मचारियों की मेहनत का बड़ा योगदान है और उन्हें भी इस सफलता का फायदा मिलना चाहिए.

उन्होंने कहा कि वह करीब दो दशक से कैटरिंग बिजनेस में हैं. उन्होंने अपने करियर में सफलता हासिल की है, लेकिन कंपनी की कामयाबी के पीछे उनके सभी कर्मचारियों की मेहनत भी है. इसलिए वह चाहती हैं कि उनके कर्मचारी भी इस सफलता का हिस्सा बनें.

Advertisement

ली जी के अलावा एक और कर्मचारी लियू यिंगयिंग को भी BMW मिली. उन्हें ग्रे रंग की BMW दी गई. लियू ने बताया कि बॉस ने उनसे कहा था कि वह बहुत मेहनत करती हैं और उनका प्रदर्शन शानदार है, इसलिए वह इस कार की हकदार हैं.

मा यानली का यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने कर्मचारियों पर दिल खोलकर पैसा खर्च किया हो. चीन के पारंपरिक त्योहारों पर वह अपने स्टाफ को रोजमर्रा की जरूरत का सामान और कैश बोनस भी देती हैं.

ऐसे कई बॉस की पहले भी कहानी आ चुका है सामने 
चीन में ऐसे बॉस की कहानियां अक्सर चर्चा में रहती हैं, जो अपने कर्मचारियों को बोनस या महंगे तोहफे देते हैं. हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी के चेयरमैन कुई पेइजुन भी ऐसे ही एक कारोबारी हैं. उन्हें कर्मचारियों के बीच खूब पैसा बांटने वाले बॉस के तौर पर जाना जाता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल चीनी नववर्ष से पहले उन्होंने अपने कर्मचारियों को कुल 18 करोड़ युआन यानी करीब 27 मिलियन अमेरिकी डॉलर का बोनस दिया था. यह रकम कंपनी के पिछले साल के मुनाफे की करीब दो-तिहाई थी.

यह भी पढ़ें: यहां राजा के साथ नौकरों को भी जिंदा दफना देते थे? 5 हजार साल बाद खुला राज

Advertisement

इतना ही नहीं, हर साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उनकी कंपनी की करीब 2,000 महिला कर्मचारियों को 800-800 युआन दिए जाते हैं. वहीं अगस्त में ग्रामीण इलाकों से आने वाले कर्मचारियों को 1,000 युआन की ग्रेन रीपर सब्सिडी भी दी जाती है, ताकि वे अपने परिवार की फसल काटने के लिए हार्वेस्टर किराए पर ले सकें.

यानी चीन में कुछ कंपनियों में कर्मचारियों को सिर्फ सैलरी और बोनस ही नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जरूरत और निजी जिंदगी को ध्यान में रखकर भी मदद दी जाती है. मा यानली का BMW गिफ्ट करने का फैसला भी इसी वजह से चर्चा में है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement