अगर आपको लगता है कि कोई महिला 60 साल की उम्र में मां नहीं बन सकती है तो आप संभवत: गलत हैं. चीन के एक छोटे से प्रांत में ऐसा ही हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है. चीन में एक अनोखी मां देखने को मिली है, जिसने 64 साल की उम्र में एक सेहतमंद बच्चे को जन्म दिया है.
हालांकि हालिया वर्षों में चीन में कई उम्रदराज महिलाओं के मां बनने के मामले सामने आए हैं, पर 64 वर्ष में मां बनने का मामला पहली बार सामने आया है.
64 साल की उम्र में स्वस्थ बच्चे को जन्म देने के साथ ही यह महिला चीन की सबसे उम्रदराज मां बन गई हैं.
आधिकारिक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 64 वर्षीय मां ने जिलन प्रांत के एक अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन के जरिए एक लड़के को जन्म दिया है. बच्चे का वजन 3.7 किलोग्राम है. हालांकि खबर में महिला की पहचान को उजागर नहीं किया गया है. महिला ने आईवीएफ के जरिए गर्भधारण किया था.
64 साल में मां बनने वाली महिला और उसके बच्चे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं हैं, जिसमें वह बच्चे और नर्स के साथ प्रसव कक्ष में नजर आ रही है.
सरकारी अखबार चाइना डेली की रिपोर्ट के अनुसार महिला और उसके पति ने साक्षात्कार देने से इंकार कर दिया, लेकिन परिवार के करीबियों का कहना है कि दंपति ने अपने पहले बच्चे को खोने के बाद एक बार फिर बच्चा पाने का निर्णय किया था. दोबारा मां बनने में मदद करने वाले डॉ. तेंग होंग ने बताया कि इस उम्र में बच्चे को जन्म देना एक जोखिम भरा निर्णय है. लेकिन साथ ही यह एक बहादुरी भरा और समझने लायक भी है.