scorecardresearch
 

ब्याज दर घटने की उम्मीद बढ़ी, सेंसेक्स 195 अंक चढ़ा

रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरों में कटौती किए जाने की उम्मीद बढ़ने के बीच हुई लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 195 अंक मजबूत होकर एक माह के उच्च स्तर पर बंद हुआ.

Advertisement
X

रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरों में कटौती किए जाने की उम्मीद बढ़ने के बीच हुई लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 195 अंक मजबूत होकर एक माह के उच्च स्तर पर बंद हुआ.

आरबीआई 18 जून को मौद्रिक नीति की समीक्षा करेगा. अप्रैल की औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में गिरावट के मद्देनजर उम्मीद है कि रिजर्व बैंक नीतिगत ब्याज दरें घटा सकता है. स्टैंडर्ड एंड पूअर्स द्वारा भारत की साख घटाने की चेतावनी के चलते सोमवार को 51 अंक टूटने वाला सेंसेक्स मंगलवार को करीब 100 अंक नीचे खुला और कारोबार के दौरान दिन के निचले स्तर 16,553.47 अंक पर आ गया था.

हालांकि, बैंक, रीयल्टी और कैपिटल गुड्स शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 194.79 अंक मजबूत होकर 16,862.80 अंक पर बंद हुआ. इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 61.80 अंक मजबूत होकर 5,115.90 अंक पर बंद हुआ. विश्लेषकों का मानना है कि औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में गिरावट रोकने के लिए रिजर्व बैंक के पास ब्याज दर घटाने के अलावा कोई और चारा नहीं बचा है.

Advertisement

नोमुरा इंडिया की अर्थशास्त्री सोनल वर्मा ने कहा, ‘औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में नरमी से दर में आधा प्रतिशत की कटौती किए जाने की संभावना बढ़ गई है.’ सेंसेक्स में शामिल 30 में से 25 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए. तेजी की अगुवाई मारुति सुजुकी ने की जिसका शेयर 3.48 प्रतिशत उछल गया. वहीं टाटा मोटर्स 3.14 प्रतिशत, एलएंडटी 2.53 प्रतिशत और स्टरलाइट 2.51 प्रतिशत मजबूत हुआ.

ब्रोकरों ने कहा कि वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के बयान का बाजार की धारणा पर सकारात्मक असर पड़ा. मुखर्जी ने सोमवार को कहा था कि सरकार उद्योग को सकारात्मक संकेत देने के लिए कदम उठाएगी. बाजार ने मंगलवार को रुपये में नरमी को भी नजरअंदाज किया. अब सबकी नजर मई के मुद्रास्फीति आंकड़ों पर है क्योंकि ये आंकड़े रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की समीक्षा बैठक में आगे का रुख तय करेंगे.

मुद्रास्फीति के आंकड़े 14 जून को जारी होंगे. सेंसेक्स के अन्य शेयरों में हिंडाल्को 2.16 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.99 प्रतिशत, एसबीआई 1.96 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.87 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.85 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.61 प्रतिशत, आईटीसी 1.48 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.48 प्रतिशत, भेल 1.39 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.36 प्रतिशत और कोल इंडिया 1.34 प्रतिशत मजबूत हुआ.

Advertisement
Advertisement