गर्मियों के मौसम में ज्यादातर लोग ठंडी और सुकून भरी जगहों पर घूमने का प्लान बनाते हैं. ऐसे में नॉर्थ-ईस्ट इंडिया यानी पूर्वोत्तर भारत की खूबसूरत हिल स्टेशन एक शानदार ऑप्शन हो सकती हैं. जहां देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ती है, वहीं नॉर्थ-ईस्ट के पहाड़ी इलाकों में ठंडा मौसम, हरियाली और शांत माहौल लोगों को काफी सुकून देता है. यहां की खूबसूरत वादियां, झीलें, पहाड़ और स्थानीय संस्कृति हर ट्रिप को खास बना देती हैं. अगर आप भी इस गर्मी भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति के बीच छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो नॉर्थ-ईस्ट इंडिया की ये हिल स्टेशन आपके लिए परफेक्ट हो सकती हैं.
मेघालय का शिलॉन्ग
शिलॉन्ग को 'स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट' भी कहा जाता है. यहां का ठंडा मौसम, खूबसूरत झरने और हरियाली लोगों को खूब आकर्षित करती है. यह शहर अपनी म्यूजिक कल्चर, कैफे और शांत माहौल के लिए भी जाना जाता है. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में उमियम लेक, एलीफेंट फॉल्स और शिलॉन्ग पीक शामिल हैं.
अरुणाचल प्रदेश का तवांग
अरुणाचल प्रदेश का तवांग बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत मठों के लिए मशहूर है. गर्मियों में भी यहां का मौसम काफी ठंडा और सुहावना रहता है. यह जगह नेचर लवर्स और शांति पसंद करने वालों के लिए बेहतरीन मानी जाती है. यहां आप तवांग मठ, सेला पास और माधुरी लेक घूम सकते हैं.
सिक्किम का गंगटोक
गंगटोक आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक खूबसूरती का शानदार मेल है. यहां की साफ-सुथरी सड़कें, हिमालय के खूबसूरत नजारे और स्थानीय बाजार लोगों को खूब पसंद आते हैं. यहां आप छांगू लेक, एमजी मार्ग और नाथुला पास जैसी खूबसूरत जगहों पर घूम सकते हैं.
पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग
दार्जिलिंग अपनी चाय के बागानों, टॉय ट्रेन और ठंडे मौसम के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां की सुबह की धुंध और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे ट्रिप को यादगार बना देते हैं. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में टाइगर हिल, बतासिया लूप और दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे शामिल हैं.
असम का हाफलोंग
हाफलोंग असम का इकलौता हिल स्टेशन है. यह जगह अभी भी ज्यादा भीड़-भाड़ से दूर है, इसलिए यहां शांति और सुकून का अलग ही अनुभव मिलता है. यहां आप हाफलोंग लेक, जटिंगा और माईबांग जैसे जगहों पर घूम सकते हैं.
अरुणाचल प्रदेश का जीरो (Ziro)
जीरो अपनी हरी-भरी घाटियों, धान के खेतों और अपातानी जनजाति की संस्कृति के लिए जाना जाता है. यहां का शांत माहौल और प्राकृतिक सुंदरता लोगों को काफी पसंद आती है. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में जीरो वैली, टैली वैली वाइल्डलाइफ सेंचुरी और अपातानी गांव शामिल हैं.
मिजोरम का आइजोल
आइजोल एक शांत और खूबसूरत पहाड़ी शहर है, जहां हर तरफ हरियाली और ठंडी हवाएं देखने को मिलती हैं. यह जगह भीड़-भाड़ से दूर सुकून भरी छुट्टियों के लिए परफेक्ट मानी जाती है. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में डर्टलैंग हिल्स, मिजोरम स्टेट म्यूजियम और रीएक पीक शामिल हैं.
नॉर्थ-ईस्ट इंडिया के ये हिल स्टेशन गर्मियों में घूमने के लिए बेस्ट हैं. यहां का ठंडा मौसम, प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल आपकी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं.