Most Beautiful Villages in India: भारत की असली पहचान सिर्फ उसके बड़े शहरों, ऊंची इमारतों और मशहूर पर्यटन स्थलों में ही नहीं, बल्कि उन गांवों में भी छिपी है जहां आज भी प्रकृति, संस्कृति और सादगी अपनी पूरी खूबसूरती के साथ मौजूद हैं. अगर आप भीड़-भाड़ और भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ समय का ब्रेक लेना चाहते हैं तो भारत के ये खूबसूरत गांव आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकते हैं.
यहां आपको सिर्फ शानदार नजारे ही नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने और सुकून भरे पल बिताने का मौका भी मिलेगा. आइए जानते हैं भारत के कुछ ऐसे गांवों के बारे में जो सिर्फ घूमने की जगह नहीं बल्कि जिंदगी भर याद रहने वाले अनुभव हैं.
केरल का पूवर (Poovar)
केरल का यह खूबसूरत गांव बैकवॉटर, समुद्र और हरियाली के लिए जाना जाता है. यहां मैंग्रोव जंगलों के बीच नाव की सैर का अनुभव बेहद खास होता है. सनराइज और सनसेट के समय यहां का नजारा देखने लायक होता है. अगर आप यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं तो अक्टूबर से मार्च का समय सबसे अच्छा माना जाता है.
हिमाचल प्रदेश का छितकुल (Chitkul)
हिमालय की गोद में बसा चितकुल भारत के सबसे खूबसूरत गांवों में गिना जाता है. बर्फ से ढके पहाड़, शांत वातावरण और स्थानीय संस्कृति इसे खास बनाते हैं. यहां घूमने के लिए मई से अक्टूबर का समय सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण रास्ते बंद हो सकते हैं.
लद्दाख का नुब्रा वैली
यह जगह ऊंचे पहाड़ों, ठंडे रेगिस्तान और नीली नदियों का अद्भुत संगम है. डिस्किट और हुंडर जैसे गांव यहां की संस्कृति को करीब से जानने का मौका देते हैं. जून से सितंबर के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है.
अरुणाचल प्रदेश का जीरो
हरियाली से घिरा यह गांव अपनी आदिवासी संस्कृति और धान के खेतों के लिए जाना जाता है. यहां की अपातानी जनजाति की जीवनशैली पर्यटकों को खूब आकर्षित करती है. यहां सितंबर से नवंबर के बीच घूमने का प्लान बनाया जा सकता है. इसी दौरान फेमस जीरो म्यूजिक फेस्टिवल भी आयोजित किया जाता है.
हिमाचल प्रदेश का कल्पा
कल्पा हिमाचल प्रदेश का एक बेहद खूबसूरत गांव है जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. सेब के बागानों और किन्नर कैलाश पर्वत के शानदार दृश्यों के लिए प्रसिद्ध कल्पा नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां आप घूमने के लिए अप्रैल से जून और सितंबर से नवंबर में जा सकते हैं.
गुजरात का धोरडो गांव
कच्छ के सफेद रण के बीच बसा धोरडो अपनी अनोखी सुंदरता के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. यहां का रण उत्सव और सफेद रेगिस्तान का नजारा पर्यटकों को खूब पसंद आते हैं. यहां घूमने के लिए नवंबर से फरवरी का समय सबसे बेहतर होता है. इसी दौरान रण के उत्सव का आयोजन भी होता है.
कर्नाटक का हम्पी
इतिहास प्रेमियों के लिए हम्पी किसी खजाने से कम नहीं है. कभी विजयनगर साम्राज्य की राजधानी रहा यह स्थान आज अपने भव्य मंदिरों और प्राचीन खंडहरों के लिए दुनियाभर में फेमस है. यहां नवंबर से फरवरी के बीच घूमना सबसे बेहतर रहता है, क्योंकि इस दौरान मौसम सुहावना रहता है.
अगर आप अपनी अगली यात्रा में कुछ नया और अलग अनुभव करना चाहते हैं तो भारत के इन गांवों को अपनी ट्रेवल लिस्ट में शामिल करना न भूलें.