scorecardresearch
 

Offbeat Winter Destinations: शिमला-मनाली छोड़ें! सर्दियों में घूमें हिमाचल की ये 5 शांत जगहें, बर्फबारी के साथ मिलेगा सुकून

Offbeat Winter Destinations in Himachal: सर्दियों में शिमला-मनाली की भीड़ से बचकर हिमाचल की शांत और खूबसूरत जगहों पर घूमने का प्लान बना सकते हैं. कल्पा से लेकर जिभी तक, इन 5 जगहों पर आपको बर्फबारी, पहाड़ों के शानदार नजारे और गांव की सादगी के बीच सुकून भरे पल बिताने का मौका मिलेगा.

Advertisement
X
. दिसंबर-जनवरी में घूमने के लिए बेस्ट हैं हिमाचल की ये 5 जगहें (Photo- ITG)
. दिसंबर-जनवरी में घूमने के लिए बेस्ट हैं हिमाचल की ये 5 जगहें (Photo- ITG)

Offbeat Winter Destinations in Himachal: सर्दियों का मौसम आते ही ज्यादातर लोग पहाड़ों पर घूमने का प्लान बनाने लगते हैं. इस मौसम में बर्फ से ढके पहाड़, देवदार के पेड़ और ठंडी हवाएं सफर का मजा दोगुना कर देती हैं. हालांकि, सर्दियों की छुट्टियों में मनाली और शिमला जैसी मशहूर जगहों पर पर्यटकों की काफी भीड़ देखने को मिलती है.

अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और खूबसूरत जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो हिमाचल प्रदेश का रुख कर सकते हैं. यहां कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां आपको पहाड़ों के शानदार नजारे, बर्फबारी और गांव की सादगी देखने को मिलेगी. इन जगहों पर आप परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं. आइए जानते हैं हिमाचल की ऐसी ही 5 शांत जगहों के बारे में.

कल्पा (Kalpa)
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित कल्पा सर्दियों में घूमने के लिए खूबसूरत जगहों में से एक है. यहां से बर्फ से ढकी किन्नर कैलाश पर्वत श्रृंखला का शानदार नजारा दिखाई देता है. सर्दियों में यहां के पहाड़, सेब के बाग और लकड़ी से बने पारंपरिक घर बेहद खूबसूरत लगते हैं.

अगर आपको पहाड़ों के बीच शांति से समय बिताना पसंद है तो कल्पा अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां आप किन्नौरी वास्तुकला देख सकते हैं और आसपास के रोगी गांव की सैर भी कर सकते हैं.

Advertisement

यहां क्या करें?

  • किन्नर कैलाश पर्वत के खूबसूरत नजारे देखें.
  • पारंपरिक किन्नौरी घरों और मंदिरों को एक्सप्लोर करें.
  • रोगी गांव घूमने जाएं.
  • पहाड़ों के बीच शांत सुबह का आनंद लें.

ध्यान रखें: दिसंबर और जनवरी में यहां तापमान शून्य से नीचे जा सकता है. इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें और सफर से पहले सड़क की स्थिति जरूर जांच लें.

चितकुल (Chitkul)
किन्नौर की बास्पा घाटी में स्थित चितकुल को भारत के आखिरी बसे हुए गांवों में गिना जाता है. चारों तरफ ऊंचे पहाड़, लकड़ी के घर और बहती बास्पा नदी इस जगह की खूबसूरती बढ़ाते हैं. सर्दियों में बर्फबारी के बाद यहां का नजारा किसी खूबसूरत तस्वीर जैसा लगता है.

अगर आप शहर की भीड़ से दूर कुछ दिन शांति से बिताना चाहते हैं तो चितकुल घूमने जा सकते हैं. यहां गांव की गलियों में घूमने के साथ स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का मौका भी मिलता है.

यहां क्या करें?

  • बर्फ से ढके पहाड़ों के नजारे देखें.
  • पारंपरिक गांव की सैर करें.
  • मथी देवी मंदिर के दर्शन करें.
  • बास्पा नदी के आसपास खूबसूरत नजारे देखें.

ध्यान रखें: चितकुल लगभघ 3,450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. सर्दियों में बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो सकती हैं. इसलिए यात्रा से पहले स्थानीय प्रशासन से सड़क की जानकारी जरूर लें.

Advertisement

तीर्थन वैली (Tirthan Valley)
हिमाचल के कुल्लू जिले में स्थित तीर्थन वैली उन लोगों के लिए अच्छी जगह है, जिन्हें पहाड़ों के बीच शांति से समय बिताना पसंद है. यह जगह तीर्थन नदी, हरे-भरे जंगलों और छोटे-छोटे गांवों के लिए जानी जाती है. यहां से ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क भी पास में है.

सर्दियों में यहां पर्यटकों की भीड़ कम हो जाती है और आप नदी किनारे बने होमस्टे में आराम से छुट्टियां बिता सकते हैं. यहां का शांत माहौल और पहाड़ों के नजारे आपको शहर की भागदौड़ से दूर ले जाएंगे.

यहां क्या करें?

  • नदी किनारे बने होमस्टे में ठहरें.
  • गुशैनी गांव की सैर करें.
  • ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के आसपास की प्राकृतिक खूबसूरती देखें.
  • स्थानीय खाने और गांव के रहन-सहन का अनुभव लें.

ध्यान रखें: सर्दियों में ऊंचाई वाले रास्तों और जंगलों में बर्फ जम सकती है. इसलिए ट्रेकिंग या घूमने निकलने से पहले रास्तों की स्थिति जरूर पता कर लें.

शोझा (Shoja)
कुल्लू जिले में स्थित शोझा एक छोटा और शांत पहाड़ी गांव है. यह जगह घने जंगलों, सेब के बागों और खूबसूरत पहाड़ी नजारों के लिए जानी जाती है. अगर आप भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशन की जगह किसी शांत गांव में छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो शोझा घूमने जा सकते हैं.

Advertisement

सर्दियों में यहां बर्फबारी होने पर आसपास के पेड़ और घर सफेद चादर से ढक जाते हैं. यहां आप पहाड़ों के बीच बने आरामदायक होमस्टे में रुककर छुट्टियों का आनंद ले सकते हैं.

यहां क्या करें?

  • हिमालय के खूबसूरत नजारे देखें.
  • पहाड़ों के बीच बने होमस्टे में ठहरें.
  • आसपास के जंगलों में मौसम के मुताबिक सैर करें.
  • स्थानीय गांव की सादगी और खूबसूरती का अनुभव लें.

ध्यान रखें: शोझा के पास स्थित जलोड़ी दर्रा सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण आमतौर पर दिसंबर से मार्च तक वाहनों के लिए बंद रहता है. इसलिए इस मौसम में यहां जाने से पहले सड़क की स्थिति जरूर जांचें.

जिभी (Jibhi)
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित जिभी अपनी लकड़ी की खूबसूरत झोपड़ियों, झरनों और हरे-भरे जंगलों के लिए मशहूर है. यहां पहाड़ों के बीच बने छोटे-छोटे कॉटेज और कैफे पर्यटकों को काफी पसंद आते हैं.

सर्दियों में बर्फबारी होने पर जिभी की खूबसूरती और बढ़ जाती है. यहां आप दोस्तों या पार्टनर के साथ किसी आरामदायक होमस्टे में रुक सकते हैं और पहाड़ों के बीच सुकून के पल बिता सकते हैं.

यहां क्या करें?

  • मशहूर जिभी वॉटरफॉल घूमने जाएं.
  • लकड़ी से बने पारंपरिक घर देखें.
  • पहाड़ों के बीच बने कॉटेज में ठहरें.
  • मौसम अनुकूल होने पर आसपास के गांवों में सैर करें.

ध्यान रखें: बर्फबारी के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं. इसलिए सफर से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें.

Advertisement

सर्दियों में घूमने का सही समय क्या है?

हिमाचल प्रदेश में दिसंबर से फरवरी तक सर्दियों का मौसम रहता है. इस दौरान कल्पा, चितकुल, शोझा और जिभी जैसी जगहों पर बर्फबारी देखने को मिल सकती है. हालांकि, हर जगह बर्फबारी का समय और मात्रा अलग-अलग होती है. तीर्थन वैली में आप नदी किनारे होमस्टे और प्राकृतिक नजारों के बीच सुकून भरी छुट्टियां बिता सकते हैं.

अगर आप सर्दियों में हिमाचल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो पहले मौसम और सड़क की स्थिति जरूर जांच लें. खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण रास्ते बंद हो सकते हैं. सही तैयारी के साथ आप अपनी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement