Kainchi Dham: उत्तराखंड का कैंची धाम इन दिनों काफी चर्चा में है. नीम करौली बाबा से जुड़े इस आध्यात्मिक स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं. हाल ही में आई फिल्म 'हनुमान अंश' के बाद कैंची धाम की लोकप्रियता और बढ़ गई है. इसी बीच उत्तराखंड की रहने वाली इंफ्लुएंसर ऐश्वर्या कंडपाल ने यहां बढ़ती भीड़, ट्रैफिक और गंदगी को लेकर चिंता जताई है.
ऐश्वर्या ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर कैंची धाम में आए बदलावों के बारे में लिखा. उन्होंने बताया कि बचपन में जिस कैंची धाम को उन्होंने शांत और सुकून भरी जगह के तौर पर देखा था, वहां अब काफी भीड़ नजर आती है. उनके मुताबिक, पहले यहां रोजाना सीमित संख्या में लोग आते थे और लोग शांति से पूजा-पाठ करने के लिए पहुंचते थे.
बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक से परेशान हैं स्थानीय लोग
ऐश्वर्या ने बताया कि कैंची धाम के आसपास बढ़ती भीड़ की वजह से सड़कों पर ट्रैफिक काफी बढ़ गया है. जगह-जगह गाड़ियां और टैक्सियां खड़ी रहती हैं और लगातार हॉर्न बजने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के पक्षियों और जानवरों को भी परेशानी होती है.
उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि कई बार स्थानीय लोगों को कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में भी काफी समय लग जाता है. उनका कहना है कि उनकी चिंता सिर्फ अपने परिवार या स्थानीय लोगों की परेशानी को लेकर नहीं है, बल्कि इस जगह के पर्यावरण को लेकर भी है.
सड़क किनारे दिख रहा प्लास्टिक और कचरा
इंफ्लुएंसर ने कैंची धाम के आसपास बढ़ते कचरे पर भी सवाल उठाया. उन्होंने बताया कि सड़कों के किनारे प्लास्टिक की बोतलें, रैपर और सिगरेट के टुकड़े दिखाई देने लगे हैं. इसके अलावा लगातार बढ़ती दुकानों और भीड़ की वजह से पूरे इलाके में प्रदूषण और अव्यवस्था बढ़ रही है.
उनके मुताबिक, पहाड़ी इलाकों की प्रकृति काफी नाजुक होती है और इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के साथ बढ़ता कचरा और वाहनों का दबाव पर्यावरण के लिए अच्छा नहीं है.
आश्रम में फोटो और वीडियो बनाने पर भी जताई नाराजगी
ऐश्वर्या ने कैंची धाम आश्रम के अंदर मोबाइल फोन और कैमरे के इस्तेमाल को लेकर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि आश्रम में फोटो खींचने और वीडियो बनाने की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद कई लोग वहां फोन से वीडियो बनाते और व्लॉग शूट करते नजर आते हैं.
उन्होंने लोगों से अपील की कि आश्रम की शांति और नियमों का सम्मान करें. उनके मुताबिक, हर जगह को सोशल मीडिया कंटेंट में बदलना जरूरी नहीं है. कुछ जगहों पर लोग सिर्फ शांति और आध्यात्मिक अनुभव के लिए जाते हैं, इसलिए वहां उसी माहौल को बनाए रखना चाहिए.
लोगों से की खास अपील
ऐश्वर्या ने साफ किया कि वह लोगों से कैंची धाम न आने के लिए नहीं कह रही हैं. उनका कहना है कि आस्था और भगवान सभी के लिए हैं. वह सिर्फ चाहती हैं कि लोग यहां आएं, लेकिन जगह की शांति और प्रकृति का भी ध्यान रखें.
उन्होंने लोगों से अपील की कि कैंची धाम जाते समय कम से कम गाड़ियों का इस्तेमाल करें, बेवजह हॉर्न न बजाएं, अपना प्लास्टिक और कचरा वापस साथ लेकर जाएं और आश्रम के अंदर मोबाइल फोन को साइलेंट पर रखें.
कैंची धाम की बढ़ती लोकप्रियता के बीच उनकी यह अपील एक अहम बात याद दिलाती है कि किसी भी धार्मिक या पर्यटन स्थल पर जाना सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि वहां की प्रकृति, स्थानीय लोगों और नियमों का सम्मान करना भी है.