Jaipur famous food: राजस्थान की राजधानी जयपुर अपनी ऐतिहासिक इमारतों, रंग-बिरंगी गलियों और शाही अंदाज के साथ-साथ लाजवाब खाने के लिए भी मशहूर है. यहां घूमने आने वाले लोग आमेर किला, हवा महल और सिटी पैलेस देखने के साथ लोकल फूड का स्वाद लेना भी पसंद करते हैं. अगर आप भी जयपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो खाने-पीने की इन खास चीजों को अपनी ट्रिप की लिस्ट में जरूर शामिल करें.
हाल ही में एक्ट्रेस समीरा रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें वह जयपुर की गलियों में मिलने वाली मशहूर डिशेज के बारे में बता रही हैं. वीडियो की शुरुआत में उनके पीछे हवा महल भी नजर आता है. समीरा के मुताबिक, जयपुर की कुछ खास डिशेज को चखे बिना आपकी ट्रिप अधूरी रह सकती है. आइए जानते हैं इन 5 जायकों के बारे में.
1. मीठी लस्सी
जयपुर की गलियों में घूमते हुए अगर कुछ ठंडा और टेस्टी पीने का मन हो, तो मीठी लस्सी का मजा ले सकते हैं. गाढ़े दही से तैयार होने वाली लस्सी को अक्सर मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा जाता है. ऊपर से मलाई डाल दी जाए, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. जयपुर की गर्मी में घूमते समय यह ड्रिंक आपको ताजगी का एहसास करा सकता है.
2. मसाला बाटी
राजस्थानी खाने की बात हो और बाटी का जिक्र न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. दाल बाटी के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन जयपुर जाकर एक बार मसाला बाटी जरूर खाएं. यह अपने खास स्वाद और भरावन के लिए जानी जाती है, इसे आटे में मसालों और दूसरी सामग्री की भरावन डालकर तैयार किया जाता है. कई जगह इसे घी के साथ परोसा जाता है.
3. मावा घेवर
जयपुर की मिठाइयों में घेवर की खास जगह है, खासतौर पर त्योहारों और सावन के मौसम में इसकी मांग बढ़ जाती है. मावा घेवर जयपुर में खूब बिकता है और इसमें कुरकुरे घेवर के साथ मावे की मिठास मिलती है, जो इसे खास बनाती है. अगर आपको मीठा खाना पसंद है, तो जयपुर की किसी मशहूर मिठाई की दुकान पर मावा घेवर का स्वाद लेना न भूलें.
4. प्याज कचौड़ी
जयपुर की सुबह का स्वाद चखना है, तो प्याज कचौड़ी एक बढ़िया ऑप्शन है. कुरकुरी लेयर के अंदर मसालेदार प्याज की भरावन इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. इसे अक्सर चटनी या मसालेदार आलू की सब्जी के साथ खाया जाता है. जयपुर के बाजारों और छोटी दुकानों पर मिलने वाली यह कचौड़ी स्थानीय खानपान की पहचान बन चुकी है.
5. कुल्फी फालूदा
जयपुर की गलियों में घूमने और बाजारों की सैर करने के बाद कुछ मीठा खाने का मन हो, तो कुल्फी फालूदा जरूर आजमाएं. ठंडी कुल्फी के साथ फालूदा और मीठी चाशनी का मेल इसे लाजवाब बनाता है. कई जगह इसे रबड़ी और दूसरे टॉपिंग्स के साथ भी परोसा जाता है.
जयपुर जाएं तो खाने के लिए भी निकालें समय
जयपुर की खूबसूरती सिर्फ उसके किलों और महलों तक सीमित नहीं है. यहां का खानपान भी शहर की संस्कृति और परंपरा से जुड़ा हुआ है. इसलिए अगली बार जब आप पिंक सिटी घूमने जाएं, तो टूरिस्ट स्पॉट के साथ स्थानीय खाने का स्वाद लेने के लिए भी समय निकालें.