scorecardresearch
 

कम बजट में करना चाहते हैं विदेश की सैर? भारत के 4 पड़ोसी देशों में बिताएं अपनी छुट्टियां

अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं और कुछ नई जगहों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो भारत के पड़ोसी देश आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं. यहां आपको अलग-अलग संस्कृतियां, खूबसूरत नजारे और शानदार ट्रैवल एक्सपीरियंस देखने को मिलेंगे.

Advertisement
X
विदेश घूमने का है सपना? भारत के ये पड़ोसी देश आपकी ट्रिप को बना देंगे यादगार, देखें टॉप डेस्टिनेशंस (Photo- Adobe Stock)
विदेश घूमने का है सपना? भारत के ये पड़ोसी देश आपकी ट्रिप को बना देंगे यादगार, देखें टॉप डेस्टिनेशंस (Photo- Adobe Stock)

जब भी विदेश घूमने की बात आती है तो हमारे दिमाग में सबसे पहले यूरोप या अमेरिका जैसे महंगे देशों के नाम आते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत के पड़ोस में ही ऐसी कई खूबसूरत जगहें मौजूद हैं जो खूबसूरती के मामले में दुनिया के किसी भी बड़े देश को टक्कर दे सकती हैं. चाहे वो नेपाल की बर्फीली चोटियां हों, भूटान की शांति या श्रीलंका का नीला समंदर, इन देशों की यात्रा न सिर्फ रोमांचक है बल्कि आपके बजट में भी फिट बैठती है. 

अगर आप भी कम समय और कम खर्च में एक यादगार इंटरनेशनल ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तो भारत कि सीमा से लगे ये पड़ोसी देश आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकते हैं. आइए जानते हैं इन देशों की खासियत और वहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में.

नेपाल
भारत के सबसे करीब और पसंदीदा ट्रैवल डेस्टिनेशन में नेपाल का नाम सबसे पहले आता है. यहां आप फ्लाइट और बस, दोनों से जा सकते हैं. यहां आपको खूबसूरत पहाड़, शांत माहौल और समृद्ध संस्कृति देखने को मिलती है. दुनिया का सबसे ऊंचा पर्वत माउंट एवरेस्ट भी यहीं स्थित है जो इसे बेहद खास बनाता है. यहां घूमने की मुख्य जगहें काठमांडू, पोखरा और लुम्बिनी हैं.

वीजा: भारतीयों के लिए नेपाल वीजा-फ्री है. आप बिना पासपोर्ट के सिर्फ अपने वोटर आईडी कार्ड से भी यहां प्रवेश कर सकते हैं.

Advertisement

भूटान
भूटान की सीमा भारत से सटी हुई है और यहां का माहौल बहुत शांत और सुकून भरा होता है. अगर आप सड़क रास्ते से भूटान जाते हैं तो यह सफर आपके सबसे खूबसूरत ट्रिप्स में से एक हो सकता है. यहां हर तरफ हरियाली, पारंपरिक भूटानी घर और पूर्वी हिमालय की ऊंची-ऊंची पहाड़ियां देखने को मिलती हैं जो इस जगह को और भी खास बनाती हैं. भूटान में घूमने की मुख्य जगहें पारो, थिम्पू और पुनाखा हैं.

वीजा: भारतीयों के लिए भूटान भी वीजा-फ्री है लेकिन आपको वहां के नियमों के अनुसार एंट्री परमिट लेना होता है और एक तय सस्टेनेबल डेवलपमेंट फीस (SDF) देनी पड़ती है.

म्यांमार
भारत के उत्तर-पूर्व में म्यांमार की सीमा मिलती है. मणिपुर और मिजोरम के आसपास के इलाके अलग-अलग संस्कृतियों का शानदार मेल दिखाते हैं. यहां आपको नेचर की खूबसूरती देखने को मिलती है, जहां हरियाली से लेकर पहाड़ी इलाके तक सब कुछ मौजूद है. यहां घूमने की मुख्य जगहों की बात करें तो यांगून, बागान और इनले झील प्रमुख हैं. यहां आप फ्लाइट और बस दोनों से जा सकते हैं. 

वीजा: म्यांमार जाने के लिए भारतीयों को वीजा (e-Visa) की जरूरत होती है. आप इसके लिए ऑनलाइन अप्लाई  कर सकते हैं.

श्रीलंका
श्रीलंका से भारत की जमीन की सीमा नहीं लगती लेकिन समुद्र के रास्ते यह देश काफी करीब है. तमिलनाडु के रामेश्वरम और श्रीलंका के बीच स्थित मन्नार की खाड़ी समुद्री जीवों की विविधता के लिए जानी जाती है जो इसे खास बनाती है. यहां आप सीधे फ्लाइट से जा सकते हैं या दक्षिण भारत से क्रूज सेवा ले सकते हैं.  यहां घूमने की मुख्य जगहें सिगिरिया, कैंडी और नुवारा एलिया हैं.

Advertisement

वीजा: श्रीलंका जाने के लिए भारतीयों को ETA (इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन) की जरूरत होती है. श्रीलंका अक्सर भारतीय पर्यटकों के लिए फ्री वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा भी देता है, जिसे आप जाने से पहले चेक कर सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement