scorecardresearch
 

OnePlus Ace 7 Pro कल होगा लॉन्च, मिलेगा 200 मेगापिक्सल कैमरा और 9000mAh बैटरी

चीनी स्मार्टफोन मेकर OnePlus एक खास स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है. OnePlus Ace 7 सीरीज कल चीन में लॉन्च की जाएगी. इसमें कंपनी 200 मेगापिक्सल का मेन सेंसर और 9000mAh की बैटरी दे रही है.

Advertisement
X
OnePlus Ace 7 Series
OnePlus Ace 7 Series

OnePlus Ace 7 और OnePlus Ace 7 Pro को 29 अक्टूबर को चीन में लॉन्च किया जाएगा. लॉन्च से पहले कंपनी ने प्रो मॉडल के कैमरे और सीरीज के डिस्प्ले से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने रखी हैं.

इस सीरीज की सबसे खास बात यह है कि कंपनी सिर्फ प्रोसेसर की ताकत पर ध्यान नहीं दे रही, बल्कि कैमरे से लेकर फोन को कूल रखने वाले सिस्टम तक में बदलाव कर रही है. OnePlus Ace 7 Pro में 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 3.5x ऑप्टिकल जूम वाला पेरिस्कोप कैमरा और गेमिंग के दौरान फोन का तापमान संभालने के लिए बिल्ट-इन कूलिंग फैन मिलने की जानकारी सामने आई है. 

OnePlus Ace 7 Pro में मिलेगा 200MP कैमरा

OnePlus ने Ace 7 Pro के कैमरे से ली गई कुछ तस्वीरें भी दिखाई हैं. फोन में 200 मेगापिक्सल का मेन रियर कैमरा दिया जाएगा. इसके साथ 3.5 गुना ऑप्टिकल जूम वाला पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी मिलेगा. इसका फायदा दूर की चीजों, इमारतों और लैंडस्केप की तस्वीरें लेते समय मिल सकता है.

यह भी पढ़ें: OnePlus ला रहा कमाल का फोन, मिलेगी 10,000mAh की बैटरी, 200MP कैमरा और 185Hz का डिस्प्ले

Advertisement

ऑप्टिकल जूम और डिजिटल जूम में फर्क होता है. ऑप्टिकल जूम में कैमरे का लेंस दूर की चीज को करीब लाने में मदद करता है, जबकि डिजिटल जूम में तस्वीर के हिस्से को बड़ा किया जाता है. इसलिए 3.5x ऑप्टिकल जूम उन लोगों के लिए काम का फीचर हो सकता है, जो फोन से दूर की चीजों या पोर्ट्रेट तस्वीरों को बेहतर तरीके से कैप्चर करना चाहते हैं.

गेमिंग के लिए 185Hz तक का डिस्प्ले

OnePlus Ace 7 सीरीज में BOE का कस्टम डिस्प्ले दिया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, फोन का डिस्प्ले सामान्य इस्तेमाल के दौरान 165Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा. चुनिंदा गेम्स में यह 185Hz तक जा सकेगा. आसान भाषा में समझें तो रिफ्रेश रेट जितना ज्यादा होगा, स्क्रीन पर मूवमेंट उतना स्मूद दिख सकता है.

इसका फायदा खासकर उन गेम्स में मिल सकता है, जहां तेजी से स्क्रीन पर नजर रखनी होती है और तुरंत टच करना जरूरी होता है. हालांकि, 185Hz का पूरा फायदा तभी मिलेगा, जब गेम भी इस रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करे. केवल हाई रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले होने से हर गेम अपने आप 185 फ्रेम प्रति सेकेंड पर नहीं चलेगा.

यह भी पढ़ें: Vivo X Fold6 Review: इस्तेमाल करने के बाद जानिए इस फोल्डेबल फोन की खूबियां और कमियां

Advertisement

कंपनी ने सीरीज में तीन खास चिप्स वाले सिस्टम की भी जानकारी दी है. इसमें टच रिस्पॉन्स के लिए T3 टच चिप, नेटवर्क से जुड़े परफॉर्मेंस के लिए G3 ई-स्पोर्ट्स नेटवर्क चिप और डिस्प्ले के लिए P4 सुपर डिस्प्ले चिप शामिल हैं. कंपनी का दावा है कि ये चिप्स गेमिंग के दौरान टच, नेटवर्क और स्क्रीन के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करेंगे.

फोन गर्म न हो, इसलिए दिया जा सकता है कूलिंग फैन

गेमिंग के दौरान फोन का गर्म होना आम समस्या है. लगातार भारी गेम खेलने पर प्रोसेसर का तापमान बढ़ सकता है और कुछ फोन अपनी परफॉर्मेंस कम कर देते हैं. OnePlus Ace 7 Pro में इस समस्या को कम करने के लिए बिल्ट-इन एक्टिव कूलिंग फैन और डुअल-चैनल कूलिंग सिस्टम दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: Pixel फोन जैसा लुक, 19,999 में लॉन्च हुआ नया फोन, मिलेगी 6,500mAh की बैटरी

कंपनी का मकसद फोन के अंदर बनने वाली गर्मी को बेहतर तरीके से बाहर निकालना है, ताकि लंबे समय तक गेम खेलने पर प्रदर्शन स्थिर बना रहे. यह फीचर उन यूजर्स के लिए खास हो सकता है, जो मोबाइल पर लंबे गेमिंग सेशन करते हैं या गेम खेलते हुए लाइव स्ट्रीम भी देखते हैं.

9000mAh की बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग

Advertisement

OnePlus Ace 7 सीरीज की एक और बड़ी खासियत इसकी 9,000mAh बैटरी है. कंपनी ने सीरीज के लिए इतनी बड़ी बैटरी की पुष्टि की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन में 100W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिल सकता है.

आज के कई स्मार्टफोन में बैटरी की क्षमता इससे काफी कम होती है. ऐसे में 9,000mAh की बैटरी लंबे समय तक गेम खेलने, वीडियो देखने और फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने वालों के लिए बेहद खास हो सकती है. 

प्रोसेसर और स्टोरेज में भी दम

OnePlus Ace 7 Pro में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर दिया जाएगा. वहीं, स्टैंडर्ड OnePlus Ace 7 में Snapdragon 8 Elite Gen 5 V सीरीज का चिपसेट मिलने की जानकारी है. प्रो मॉडल में 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज का ऑप्शन भी उपलब्ध कराया जा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फोन Android 17 पर बेस्ड ColorOS 17 के साथ आ सकते हैं. 

भारत में कब लॉन्च होंगे OnePlus Ace 7 और Ace 7 Pro?

फिलहाल OnePlus Ace 7 और Ace 7 Pro का लॉन्च 29 अक्टूबर को चीन में होना है. कंपनी ने दूसरे बाजारों में इन फोन की उपलब्धता को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. इसलिए भारत में लॉन्च की तारीख और कीमत के बारे में अभी कुछ भी पक्का कहना सही नहीं होगा.

Advertisement

OnePlus की Ace सीरीज के कुछ पुराने मॉडल दूसरे बाजारों में अलग नाम से भी पेश किए गए हैं, लेकिन इससे यह तय नहीं होता कि Ace 7 सीरीज भी भारत में उसी नाम या उसी कॉन्फिगरेशन के साथ आएगी. भारतीय बाजार के लिए कंपनी की आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा. हालांकि कंपनी इसे भारत में जल्दी ही लॉन्च करना चाहेगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement