सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इंस्टाग्राम पर शेयर एक वीडियो में एक शख्स खुद को Airtel का पूर्व कर्मचारी बताते हुए दावा करता है कि 17 साल नौकरी करने के बाद भी उसे न PF मिला और न ही ग्रेच्युटी.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लेबर राइट्स और कॉर्पोरेट कल्चर को लेकर बहस तेज हो गई है. इस वीडियो को करोड़ों व्यूज मिले हैं कॉमेन्ट में लोग एयरटेल को टैग करके शिकायत भी कर रहे हैं. आज तक इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोगों के बीच बड़ी बहस शुरू हो गई है. कई यूजर्स इस मामले को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि अगर किसी कर्मचारी ने इतने साल काम किया है तो उसके अधिकारों का क्या हुआ.
वीडियो में क्या कह रहा है कर्मचारी?
इस वीडियो में शख्स को ये कहते हुए देखा जा सका है.
‘ये मेरा एयरटेल का ऑफ़िस है. 17 साल हो गए एयरटेल में काम करते करते. सुनील भारती मित्तल जी, आपने नई ऑफ़िस खोल दी, हम लोगों के बारे में सोचा भी नहीं कि हम घर कैसे चलाएंगे. हमारा घर का खर्चा इसी से चलता था. ये ऑफ़िस बंद कर दिया है. हम पढ़े लिखे नहीं हैं की कहीं नौकरी कर लें, हमारी क्वॉलिफिकेशन डाउन है. हम घर का खर्चा कैसे चलाएंगे’
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स का नाम पवन शर्मा बताया जा रहा है. उनका दावा है कि उन्होंने Airtel के साथ लगभग 17 साल तक सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम किया.
वीडियो में वो रोते हुए बताते हैं कि इतने लंबे समय तक कंपनी के लिए काम करने के बाद भी जब उन्हें नौकरी से हटाया गया तो उन्हें PF और Gratuity जैसे जरूरी फायदे नहीं मिले.
उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक कंपनी के लिए काम करने के बावजूद उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. इस वीडियो में ये शख्स एयरटेल के किसी ऑफ़िस के सामने दिख रहे हैं. उन्होंने इस वीडियो में भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल से भी गुहार लगाई है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं. कुछ यूजर्स कर्मचारी के समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं और इसे कॉर्पोरेट सेक्टर में कर्मचारियों के साथ होने वाले व्यवहार का उदाहरण बता रहे हैं.
वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए क्योंकि अभी केवल एक पक्ष की बात सामने आई है. कई यूजर्स ने इस मामले को लेबर लॉ और कर्मचारी अधिकारों से भी जोड़कर देखा है.
PF और Gratuity क्यों होते हैं अहम?
भारत में लंबे समय तक नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए PF और Gratuity महत्वपूर्ण वित्तीय सुरक्षा माने जाते हैं.
Provident Fund यानी PF नौकरी के दौरान कर्मचारी और कंपनी दोनों की तरफ से जमा होने वाला फंड होता है. वहीं Gratuity आमतौर पर किसी कंपनी में 5 साल या उससे ज्यादा काम करने पर मिलने वाला लाभ होता है.
ऐसे में अगर किसी कर्मचारी को ये फायदे नहीं मिलते, तो यह अक्सर विवाद का कारण बन जाता है.
अभी तक कंपनी की प्रतिक्रिया?
वायरल वीडियो के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, लेकिन अभी तक इस मामले में कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस मामले की सच्चाई जल्द सामने आएगी.