scorecardresearch
 

LBW के इतिहास से जुड़े अमला, सचिन-कुंबले के नाम है अनोखा रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 10,000 बार एलबीडब्ल्यू का शिकार हो चुके हैं बल्लेबाज. हाशिम अमला बने 10 हजारवें बल्लेबाज. सचिन के नाम है सबसे अधिक एलबीडब्ल्यू आउट होने वाले बल्लेबाज होने का रिकॉर्ड तो अनिल कुंबले सबसे ज्यादा बार एलबीडब्ल्यू आउट करने वाले गेंदबाज हैं.

Advertisement
X
अनिल कुंबले, हाशिम अमला और सचिन तेंदुलकर
अनिल कुंबले, हाशिम अमला और सचिन तेंदुलकर

श्रीलंका के साथ पोर्ट एलिजाबेथ में चल रहे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हाशिम अमला के आउट होते ही एक अनोखा रिकॉर्ड बना. यह टेस्ट इतिहास में ऐसा 10 हजारवां मौका था जब कोई बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुआ. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत के 55 साल बाद (1932 में) अपना पहला टेस्ट खेलने वाले भारत के क्रिकेटरों के नाम है एलबीडब्ल्यू आउट होने और करने का रिकॉर्ड.


भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार एलबीडब्ल्यू आउट होने का रिकॉर्ड. वो 63 बार एलबीडब्ल्यू आउट हुए. उनके बाद नंबर आता है वेस्टइंडीज के शिवनारायण चंद्रपाल (55), इंग्लैंड के ग्राहम गूच (50), इंग्लैंड के वर्तमान कप्तान एलिस्टेयर कुक (47), ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (47), दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और पाकिस्तान के यूनिस खान (दोनों 43) और दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस तथा इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट का दोनों ही 40 बार.

Advertisement


बात अगर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार एलबीडब्ल्यू आउट करने वाले गेंदबाज की करें तो यहां भी भारत का नाम सबसे पहले है और टीम के वर्तमान हेड कोच और लेग स्पिनर अनिल कुंबले हैं रिकॉर्डधारी. कुंबले ने सर्वाधिक 156 बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट किया है. उनके बाद श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (150) और ऑस्ट्रेलिया के शेन वार्न (138) का नंबर आता है.


1877 में टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत के बाद से लेकर दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच चल रहा मैच 2243वां टेस्ट है. इस दौरान सर्वाधिक 40,460 खिलाड़ी कैच जबकि 14,545 बल्लेबाज बोल्ड आउट हुए हैं. इसके बाद तीसरा नंबर एलबीडब्ल्यू का है.


इंग्लैंड के जॉर्ज उलियट एलबीडब्ल्यू आउट होने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज थे. उन्हें 1877 में मेलबर्न में खेले गये पहले टेस्ट मैच में ही ऑस्ट्रेलिया के नैट थामसन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया था. ऑस्ट्रेलिया के डान टैलन 1950 में बाक्सिंग डे टेस्ट मैच में जब एलबीडब्ल्यू आउट हुए थे तो वह यह 1000वां अवसर था जबकि कोई बल्लेबाज इस तरह से आउट हुआ.


अब तक इंग्लैंड के सर्वाधिक 2030 बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं. उसके बाद ऑस्ट्रेलिया (1505), वेस्टइंडीज (1362), न्यूजीलैंड (1063), भारत (1012), पाकिस्तान (927), दक्षिण अफ्रीका (863), श्रीलंका (578), जिम्बाब्वे (362), बांग्लादेश (295) और आईसीसी विश्व एकादश (तीन) का नंबर आता है.

Advertisement


यदि मेजबान देश की बात करें तो इंग्लैंड में ही सर्वाधिक 2,110 बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं. उसके बाद ऑस्ट्रेलिया (1,533), भारत (1,251), वेस्टइंडीज (1,111), दक्षिण अफ्रीका (885), पाकिस्तान (794), न्यूजीलैंड (792), श्रीलंका (708), बांग्लादेश (309), जिम्बाब्वे (300) और यूएई (207) का नंबर आता है.


इंग्लैंड के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में सर्वाधिक 588 बार बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुए. मेलबर्न में 429, ओवल लंदन में 380, हेंडिग्ल लीड्स में 327, सिडनी में 315, पोर्ट ऑफ स्पेन में 312 और एडिलेड में 309 बार बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा.


अगर किसी एक मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच 2011 में पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गये मैच में सर्वाधिक 20 बार बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुए थे. जबकि जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के नाम पर एक पारी में सर्वाधिक सात बल्लेबाजों के एलबीडब्ल्यू आउट होने का रिकॉर्ड दर्ज है. वेस्टइंडीज के 2000 के इंग्लैंड दौरे में पांच मैचों की सीरीज में कुल 27 बार बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुए जो कि रिकॉर्ड है. इंग्लैंड के हाल के भारत दौर में 24 बार बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौटे और यह रिकॉर्ड बुक में ऑस्ट्रेलिया के 1978-79 के भारत के दौरे के साथ दूसरे नंबर पर दर्ज है. किसी एक सत्र में सर्वाधिक बार बल्लेबाजों के एलबीडब्ल्यू आउट होने के आंकड़े पर गौर करें तो 2003-04 और 2011-12 के सत्र में समान 212 बार बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुए थे.

Advertisement


क्रिकेट में लगभग 25 टेस्ट से अधिक खेलने वाला लगभग हर बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुआ है. लेकिन एक ऐसा भी बल्लेबाज है जो अपने करियर में कभी एलबीडब्ल्यू हुआ ही नहीं. ये हैं ऑस्ट्रेलिया के जोए डार्लिंग जो 1884 से 1905 के बीच कुल 34 टेस्ट मैच खेले, लेकिन कभी भी एलबीडब्ल्यू आउट नहीं हुए. वहीं उन्हीं के हमवतन क्लैम हिल 89 पारियों में सिर्फ एक बार एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement