सोमवार को मैच से पहले हुए कोविड टेस्ट के बाद लियोनेल मेसी की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई थी. अब गुरुवार को वह कोविड निगेटिव होने के बाद अर्जेंटीना से फ्रांस लौट आए हैं. मेसी जल्द ही PSG टीम के साथ जुड़कर आगे आने वाले मुकाबलों की तैयारियों में जुट जाएंगे. मेसी के अलावा उनकी ही टीम के चार और खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए थे. कोविड-19 के नए वैरिएंट की वजह से फुटबॉल का खेल सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है.
क्रिसमस के दौरान स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी अपने परिवार के साथ अर्जेंटीना में समय बिता रहे थे, जिसके बाद उन्हें फ्रांस में आगे होने वाले मुकाबलों के लिए RT-PCR टेस्ट करवाना पड़ा. इस टेस्ट में मेसी की रिपोर्ट सोमवार को कोविड पॉजिटिव आई थी. मेसी के अलावा चार और खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिसमें गोलकीपर गियानलुइही डोनारुमा भी शामिल हैं. वहीं, ब्राजील में मौजूद नेमार की रिपोर्ट निगेटिव आई थी.
2021 में एक बार फिर से Ballon d'Or का खिताब अपने नाम करने वाले मेसी ने साल 2021 में ही PSG क्लब का दामन थामा था. इसके पहले वह स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के लिए खेलते थे. मेसी 4 जनवरी को हुए फ्रेंच कप मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाए थे. PSG ने वेनेस क्लब को 4-0 से मात दी थी. PSG का अगला मुकाबला रविवार 9 जनवरी को Lyon से होना है. मेसी इस मुकाबले से मैदान पर अपनी वापसी कर सकते हैं.
इस वक्त फ्रेंच लीग में मेसी की टीम PSG 19 मुकाबलों में से 14 में जीत दर्ज कर 46 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है. मेसी ने चैम्पियंस लीग के मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया है.