scorecardresearch
 

AI की वजह से बेरोजगार हो रहे युवा, बीजेपी सरकार ने क्या कदम उठाए? आकाश आनंद ने पूछे तीन सवाल

सहारनपुर में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने जनसभा के दौरान भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने भाजपा सरकार पर 7 हजार करोड़ रुपये विज्ञापनों पर खर्च करने, 25 हजार सरकारी स्कूल बंद होने और युवाओं को रोजगार न मिलने का आरोप लगाया. AI से रोजगार पर पड़ने वाले असर को लेकर भी उन्होंने सरकार से सवाल किए.

Advertisement
X
सहारनपुर में आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा.(Photo-ITG)
सहारनपुर में आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा.(Photo-ITG)

सहारनपुर में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सोमवार को जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में एक तरफ 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक विज्ञापनों पर खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ 25 हजार सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं. आकाश आनंद ने दावा किया कि विकसित और सुरक्षित उत्तर प्रदेश का नारा केवल पोस्टर और होर्डिंग तक सीमित रह गया है.

अपने संबोधन की शुरुआत में आकाश आनंद ने महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शिवाजी महाराज, नारायण गुरु, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम को नमन किया. इसके बाद उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बहुजन समाज के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई को आगे बढ़ाया है. आकाश आनंद ने कहा कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उनके कार्यकाल में शिक्षा, रोजगार और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में काम हुए. उन्होंने जनता से 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा को मजबूत करने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की.

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आकाश आनंद ने कहा कि जनता को सुरक्षा, रोजगार और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं चाहिए, लेकिन सरकार इन मोर्चों पर विफल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूल बंद होने और शिक्षकों की कमी का सबसे ज्यादा नुकसान गरीब और बहुजन समाज के बच्चों को हो रहा है. पेपर लीक की घटनाओं ने भी युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि मुफ्त राशन देने के बजाय लोगों को रोजगार और बेहतर शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत है. सरकार को युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करनी चाहिए.

Advertisement

AI से रोजगार पर खतरे को लेकर सरकार से पूछे तीन सवाल

आकाश आनंद ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 2 करोड़ युवा बेरोजगार हैं और अब उनके सामने AI की चुनौती भी खड़ी हो रही है. उनके मुताबिक, AI से जिंदगी आसान हुई है, लेकिन आने वाले समय में यह रोजगार के अवसरों के लिए खतरा बन सकता है.

उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि बहुजन समाज के बच्चों और युवाओं को AI की शिक्षा देने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं? AI के कारण बेरोजगार हो रहे युवाओं के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं? इसके बढ़ते इस्तेमाल के बीच इंटरनेट और सरकारी वेबसाइटों पर मौजूद डाटा की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था की गई है?

सपा को बताया भाजपा की बी टीम, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी असल में भाजपा की बी टीम है. उन्होंने सपा के राज्यसभा सांसद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के सांसद के बेटे को राज्यसभा भेजने की जरूरत क्यों पड़ी. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री भी अखिलेश यादव की तारीफ करते हैं. कांग्रेस और सपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. साथ ही मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए.

Advertisement

बसपा सरकार के काम गिनाए, नरेश सैनी ने किया स्वागत

जनसभा में आकाश आनंद ने बसपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए शिक्षा संस्थानों, स्कूलों, रोजगार और आरक्षण से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मायावती सरकार ने गरीबों, भूमिहीन परिवारों और वंचित समाज के लोगों के हित में काम किया था. उन्होंने गुर्जर और जाट समाज समेत विभिन्न वर्गों से बसपा का समर्थन करने की अपील की.

इस दौरान नकुड़ सीट से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बसपा प्रत्याशी घोषित किए गए नरेश सैनी ने आकाश आनंद का स्वागत किया. उन्होंने पगड़ी पर सोने का मुकुट जड़कर उन्हें सम्मानित किया. आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से हाथी चुनाव चिह्न को मजबूत करने और 2027 में बसपा की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement