scorecardresearch
 

How To Fix Diwali Lights: दिवाली की झालर के कुछ बल्ब हो गए हैं खराब? फेंकने या नई खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर ऐसे करें ठीक

How To Fix Diwali Lights: दिवाली की डेकोरेशन वाली झालर के कुछ बल्ब खराब हो गए हैं या पूरी लाइट जलना बंद हो गई है? इसे फेंकने या नई खरीदने की जरूरत नहीं है. जानिए राइस लाइट और LED झालर में खराब तार या बल्ब की पहचान कैसे करें और उन्हें ठीक करवाकर दोबारा इस्तेमाल कैसे करें.

Advertisement
X
दिवाली की लाइट ठीक करने के लिए गड़बड़ी कहां ये पता करना जरूरी है. (Photo: ITG)
दिवाली की लाइट ठीक करने के लिए गड़बड़ी कहां ये पता करना जरूरी है. (Photo: ITG)

How To Fix Diwali Lights: दिवाली का त्योहार हो और घर में रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों की सजावट न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. घर की बालकनी से लेकर दरवाजे, खिड़कियों और मंदिर तक हर जगह झालर लगाई जाती हैं. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि पिछले साल की रखी झालर निकालते ही पता चलता है कि उसके कुछ बल्ब जल नहीं रहे हैं या पूरी झालर ने ही काम करना बंद कर दिया है. ऐसे में ज्यादातर लोग इसे खराब समझकर फेंक देते हैं या फिर नई झालर खरीदने के लिए बाजार पहुंच जाते हैं.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार पूरी झालर खराब नहीं होती, बल्कि उसमें सिर्फ एक तार टूटने या एक एलईडी खराब होने की वजह से लाइट जलना बंद हो जाती है. ऐसे में थोड़ी सी समझदारी और सही तरीके से चेक करके पुरानी झालर को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए हर बार नई झालर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं कि दिवाली पर लगने वाली झालर को किस तरह ठीक किया जा सकता है.

झालर खराब होने पर सबसे पहले समझें इसकी वायरिंग
झालर को ठीक करने से पहले ये समझना जरूरी है कि उसके अंदर वायरिंग किस तरह की होती है. आमतौर पर राइस लाइट और दूसरी डेकोरेटिव झालरों में कई छोटी-छोटी एलईडी एक सीरीज में जुड़ी होती हैं. इसका मतलब है कि अगर इस सीरीज में एक भी एलईडी खराब हो जाए या कहीं से तार टूट जाए, तो पूरी लाइट जलना बंद कर सकती है.

Advertisement

वहीं कुछ झालरों में एक से ज्यादा सीरीज होती हैं. ऐसे में एक सीरीज खराब होने पर उससे जुड़ी लाइटें बंद हो जाती हैं, जबकि बाकी लाइटें जलती रहती हैं. इसलिए सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि झालर में खराबी तार की वजह से है या किसी बल्ब के फ्यूज होने से.

एक मिनट में ऐसे पता लगाएं कहां है खराबी
झालर में तार टूटा है या एलईडी खराब हुई है, इसका पता लगाने के लिए टेस्टर और एक सुई की मदद ली जा सकती है. सुई को टेस्टर के अगले हिस्से पर जोड़कर तार के अलग-अलग हिस्सों की चेक की जाती है. इससे पता चलता है कि बिजली की सप्लाई कहां तक पहुंच रही है और किस जगह से लाइन टूटी है. जहां टेस्टर की लाइट जलना बंद हो जाए, वहां तार या एलईडी में खराबी हो सकती है.  

एक बल्ब खराब है तो ऐसे पहचानें
कई बार झालर का तार सही होता है, लेकिन एक बल्ब खराब होने की वजह से पूरी लाइट जलना बंद हो जाती है. ऐसे में सबसे पहले खराब बल्ब का पता लगाना जरूरी है. इसके लिए वीडियो में इंसुलेटेड चिमटी की मदद से बल्ब के दोनों तारों को जोड़कर चेक किया गया है. अगर ऐसा करने पर बाकी झालर जलने लगे, तो समझ जाएं कि वो बल्ब खराब हो सकता है. हालांकि, बिजली चालू रहने पर तारों को आपस में जोड़ना खतरनाक हो सकता है, इसलिए ये बहुत ही ध्यान से करें.

तीन सीरीज वाली झालर भी हो सकती है ठीक
कुछ झालरों में दो की जगह तीन अलग-अलग सीरीज होती हैं. इनमें दो वायर बिजली की सप्लाई के लिए और बाकी तीन अलग-अलग सीरीज के लिए होते हैं. अगर किसी एक सीरीज में तार टूट जाए, तो उससे जुड़े बल्ब बंद हो जाते हैं. ऐसे में हर सीरीज की वायरिंग की चेक करके खराब जगह का पता लगाया जा सकता है.

खराब कंट्रोलर बॉक्स के बिना भी जलेगी झालर?
कई झालरों में कंट्रोलर बॉक्स या पीसीबी लगा होता है, जिससे ब्लिंकिंग और रंग बदलने जैसे फंक्शन चलते हैं. अगर इसका कनेक्शन खराब हो जाए, तो कुछ झालरों को सही वायरिंग के साथ बिना कंट्रोलर के भी लगातार जलाया जा सकता है. हालांकि, ऐसा करने पर उनके अलग-अलग लाइटिंग मोड काम नहीं करेंगे.

राइस लाइट को भी कर सकते हैं ब्लिंक
राइस लाइट आमतौर पर लगातार जलती रहती है, लेकिन वीडियो में इसे ब्लिंक कराने का एक तरीका भी बताया गया है. इसके लिए ट्यूबलाइट के स्टार्टर को झालर की वायरिंग के साथ सीरीज में जोड़ा गया है. इससे लाइट ब्लिंक करने लगती है.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement