ब्राजील के दिग्गज फुटबॉल स्टार नेमार (Neymar) ने आखिरकार 981 दिनों के लंबे इंतजार के बाद नेशनल टीम के लिए मैदान पर वापसी कर ली. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में नेमार को दूसरे हाफ में मौका मिला और मैच खत्म होने के बाद वह भावुक होकर रो पड़े. ब्राजील ने यह मुकाबला 3-0 से जीतकर ग्रुप C में टॉप पोजिशन हासिल किया और नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया.
34 वर्षीय नेमार ने आखिरी बार 17 अक्टूबर 2023 को उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालिफायर में ब्राजील के लिए मैच खेला था. उसी मैच में उनके बाएं घुटने का ACL और मेनिस्कस फट गया था. यह चोट उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक साबित हुई.
Neymar 📸#FIFAWorldCup pic.twitter.com/57XryXBdPz
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 25, 2026
इसके बाद नेमार लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे और लगातार फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे. उनकी वापसी को लेकर कई बार उम्मीदें जगीं, लेकिन चोटों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा.
स्कॉटलैंड के खिलाफ 76वें मिनट में मिला मौका
ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी (Carlo Ancelotti) ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में 76वें मिनट में मैथियस कुन्हा की जगह नेमार को मैदान पर उतारा. उस समय ब्राजील 3-0 से आगे था.
जैसे ही नेमार मैदान पर आए, स्टेडियम में मौजूद हजारों फैन्स ने खड़े होकर उनका स्वागत किया. उनकी शुरुआती कुछ टच पर भी जोरदार तालियां और शोर सुनाई दिया.
चार वर्ल्ड कप खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल
इस मुकाबले के साथ नेमार अपने करियर में चौथे फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए. हालांकि उन्हें ज्यादा समय नहीं मिला और वे गोल या असिस्ट नहीं कर सके, लेकिन उनकी मौजूदगी ही ब्राजीलियन फैन्स के लिए किसी जीत से कम नहीं थी.
मैच खत्म होते ही रो पड़े नेमार
फुल टाइम सीटी बजते ही नेमार स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का अभिवादन करने पहुंचे. इसी दौरान भावनाएं उन पर हावी हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. लंबे संघर्ष, चोटों और आलोचनाओं के बाद नेशनल टीम में वापसी उनके लिए बेहद खास पल साबित हुई.
अल-हिलाल में चोटों से बर्बाद हुआ करियर का अहम दौर
नेमार को ACL चोट उस समय लगी थी जब वह सऊदी क्लब अल हिलाल के लिए खेल रहे थे. चोट के कारण वह लगातार बाहर रहे और 18 महीनों में सिर्फ सात मैच खेल सके.
लगातार फिटनेस समस्याओं के चलते जनवरी 2025 में अल-हिलाल ने उनका कॉन्टैक्ट समाप्त कर दिया. इसके बाद उन्होंने अपने बचपन के क्लब सैंटोस एफसी (Santos FC) में वापसी की.
For the first time since 2023, @neymarjr is back on the field for Brazil.#FIFAWorldCup pic.twitter.com/HXU0ww5Q5R
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 24, 2026
सैंटोस में दिखाया दम, फिर भी फिटनेस बनी चुनौती
जनवरी 2025 में सैंटोस लौटने के बाद नेमार ने 43 मैचों में 17 गोल किए और 8 असिस्ट भी दिए. हालांकि चोटों ने यहां भी उनका पीछा नहीं छोड़ा. सैंटोस भी इस दौरान ब्राजीलियन लीग में निचले हिस्से की टीमों में शामिल रहा.
जोआओ पेड्रो की जगह मिला मौका
नेमार की वर्ल्ड कप टीम में वापसी ने काफी चर्चा बटोरी क्योंकि उनकी जगह जोआओ पेड्रो जैसे युवा और शानदार फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को बाहर रखा गया. चेल्सी फॉरवर्ड जोआओ पेड्रो ने 2025-26 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था.
😍🇧🇷 Les magnifiques retrouvailles de Neymar avec sa famille après ses débuts en Coupe du Monde !#beINFWC2026 #FIFAWorldCup pic.twitter.com/REsXpEaZ8u
— beIN SPORTS (@beinsports_FR) June 25, 2026
कार्लो एंसेलोटी ने बताया क्यों चुना नेमार को
नेमार को टीम में शामिल करने के फैसले पर कार्लो एंसेलोटी ने कहा- हमने पूरे साल नेमार का विश्लेषण किया. हमें लगा कि पिछले कुछ समय में उन्होंने लगातार खेला है और उनकी शारीरिक स्थिति काफी अच्छी है.
Neymar Jr broke down in tears at full time. pic.twitter.com/2G7PChXe0W
— World Cup Out Of Context (@WorldCup__26) June 25, 2026
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें दुनिया भर से सलाह मिली, लेकिन टीम सेलेक्शन पूरी तैयारी और सभी जरूरी आंकड़ों के आधार पर किया गया.
वर्ल्ड कप टीम की घोषणा से पहले भी एंसेलोटी ने नेमार का समर्थन करते हुए कहा था कि वह ब्राजील के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. उनके अनुसार नेमार की फिटनेस में सुधार हुआ है और वह मैच के दौरान उच्च तीव्रता बनाए रखने में सक्षम हैं.
الافضل في التاريخ 🐐🐐🔥 pic.twitter.com/EyuffsoR4v
— Team Neymar (@TeamNey10) June 24, 2026
ब्राजील नॉकआउट में, अब किससे होगी टक्कर?
स्कॉटलैंड पर 3-0 की जीत के साथ ब्राजील ग्रुप C में टॉप पर रहा और अंतिम-32 में पहुंच गया. अब नॉकआउट दौर में उसका सामना ग्रुप F की दूसरे स्थान वाली टीम से होगा. इस स्थान के लिए जापान, नीदरलैंड्स और स्वीडन के बीच मुकाबला है.
Emotional Neymar breaks down in tears after making his Brazil return - 981 DAYS after last appearance - during World Cup win over Scotland https://t.co/MmhhhPQeAH
— Daily Mail Sport (@MailSport) June 25, 2026
नेमार की भावुक वापसी और ब्राजील की दमदार जीत ने वर्ल्ड कप 2026 में टीम के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है. अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि नॉकआउट चरण में नेमार कितना बड़ा प्रभाव छोड़ पाते हैं.