scorecardresearch
 

जिस रेफरी की 'सेक्स पार्टी' रेड में हुई थी गिरफ्तारी, अब वही कराएगा FIFA वर्ल्ड कप फाइनल

जब न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में लियोनेल मेसी और लैमिन यामाल जैसे सितारे मैदान पर होंगे, तब विंसिक पर भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी होगी. विंसिक चाहेंगे कि सबसे बड़े फुटबॉल मुकाबले का फैसला सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन से हो, किसी विवाद से नहीं.

Advertisement
X
फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में विंसिक पर रहेगी बड़ी जिम्मेदारी (Photo: Reuters)
फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में विंसिक पर रहेगी बड़ी जिम्मेदारी (Photo: Reuters)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जब अर्जेंटीना और स्पेन की टीमें ट्रॉफी के लिए मैदान पर उतरेंगी, तब सिर्फ खिलाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि मैच के रेफरी स्लावको विंसिक पर भी पूरी दुनिया की नजर होगी. स्लोवेनिया के इस अनुभवी रेफरी के लिए यह नियुक्ति किसी सपने के सच होने जैसी है. लेकिन शायद ही किसी को पता हो कि पांच साल पहले उनका करियर एक ऐसे विवाद में फंस गया था, जिसने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी थी.

साल 2020 में स्लावको विंसिक का नाम एक सेक्स पार्टी पर पुलिस की छापेमारी के दौरान सामने आया था. उस घटना के बाद कुछ समय के लिए ऐसा लगने लगा था कि उनका करियर खत्म हो जाएगा. हालांकि जांच में उन्हें निर्दोष पाया गया और अब वही अधिकारी फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबले में रेफरी की भूमिका निभाने जा रहे हैं.

क्या था पूरा मामला?
ब्रिटिश अखबार डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक स्लावको विंसिक एक कारोबारी बैठक के सिलसिले में बोस्निया एंड हर्जेगोविना के बिजेल्जिना शहर गए थे. वहां उन्हें लंच के लिए आमंत्रित किया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया. लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस ने उस जगह पर छापा मार दिया. अधिकारियों का दावा था कि वहां एक कथित वेश्यावृत्ति गिरोह सक्रिय था. छापेमारी के दौरान विंसिक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया. इस कार्रवाई में 26 पुरुष और 9 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से कोकीन के चार पैकेट, 10 पिस्तौल, तीन बुलेटप्रूफ जैकेट और 10 हजार यूरो से ज्यादा नकदी भी बरामद की थी.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस को स्लावको विंसिक के खिलाफ किसी भी तरह की आपराधिक संलिप्तता का सबूत नहीं मिला. उनसे सिर्फ गवाह के तौर पर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. इस मामले की मुख्य आरोपी तियाना मक्सिमोविच ने अगले साल अदालत में अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें एक साल की जेल की सजा सुनाई गई.

विंसिक ने पूरे मामले पर क्या कहा?
बाद में स्लोवेनियाई मीडिया Vecer से बातचीत में स्लावको विंसिक ने पूरी घटना पर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा, 'मैं वहां संयोग से पहुंचा था. मेरा अपना बिजनेस है और मैं एक मीटिंग के लिए बोस्निया गया था. लंच का निमंत्रण स्वीकार करना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती साबित हुई. अचानक पुलिस आई और पूरा मामला बदल गया.'

स्लावको विंसिक ने यह भी कहा कि उनका गिरफ्तार किए गए लोगों से कोई संबंध नहीं था और ना ही वह उस कथित गिरोह को जानते थे. स्लोवेनिया फुटबॉल रेफरी एसोसिएशन के अध्यक्ष व्लाडो साजन ने भी उस समय विंसिक का बचाव किया था. उन्होंने कहा था कि रेफरी सिर्फ गलत समय पर गलत जगह मौजूद थे और उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया.

विवादों को पीछे छोड़कर स्लावको विंसिक ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और यूरोप के सबसे भरोसेमंद रेफरी में अपनी जगह बनाई. उन्होंने UEFA चैम्पियंस लीग, यूरोपीय प्रतियोगिताओं और कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में रेफरिंग की है. अब फीफा ने उन्हें अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले 2026 वर्ल्ड कप फाइनल की जिम्मेदारी सौंपी है. यह इस टूर्नामेंट में उनका चौथा मैच होगा और उनके करियर का सबसे बड़ा मुकाबला भी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement