पंजाब किंग्स (PBKS) के युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे ने गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) मुकाबले में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. 3 मई (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में सूर्यांश ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और तीन चौके शामिल रहे. सूर्यांश की यह पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि दबाव में मैच को संभालने की उनकी क्षमता का भी प्रमाण थी.
पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले में 36 रनों के स्कोर तक अपने चार अहम विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि पारी जल्दी सिमट सकती है. इसी संकट की घड़ी में सूर्यांश शेडगे क्रीज पर उतरे. शुरुआत में उन्होंने संयम दिखाया, विकेट बचाए और हालात को समझते हुए धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढ़ाया. लेकिन जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया.
पारी का टर्निंग पॉइंट तब आया, जब सूर्यांश शेडगे ने मानव सुथार के ओवर में 27 रन ठोक दिए. इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने ना सिर्फ रनगति को तेज किया, बल्कि गुजरात के गेंदबाजों की लय भी बिगाड़ दी. उनकी इस पारी की बदौलत पंजाब की टीम 100 रनों के पार पहुंचने में सफल रही, जो एक समय मुश्किल नजर आ रहा था.
यह भी पढ़ें: गुजरात टाइटन्स ने आखिरी ओवर में पंजाब किंग्स को हराया, वॉशिंगटन सुंदर-जेसन होल्डर बने जीत के स्टार
16वें ओवर में आउट होने तक सूर्यांश शेडगे ने टीम का स्कोर 126 रन तक पहुंचा दिया था. इस दौरान मार्कस स्टोइनिस ने भी 31 गेंदों में 40 रनों की अहम पारी खेली और उनके साथ मिलकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने पारी को स्थिरता देने के साथ-साथ जरूरी तेजी भी दी.
SMAT फाइनल ने दिलाई पहचान
सिर्फ 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदे गए सूर्यांश शेडगे ने इस पारी से साबित कर दिया कि वह निवेश से कहीं ज्यादा मूल्य देने की क्षमता रखते हैं. मुंबई से आने वाले इस युवा खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में पहले ही अपनी पहचान बना ली थी. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2024-25 के फाइनल में 15 गेंदों पर नाबाद 36 रनों की पारी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई.
घरेलू टी20 सर्किट में सूर्यांश शेडगे के आंकड़े भले ही बहुत बड़े ना दिखें, लेकिन उनका प्रभाव बेहद खास रहा है. मुंबई के प्रतिस्पर्धी क्रिकेट माहौल में पले-बढ़े सूर्यांश को कई बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का मौका मिला. श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव के साथ ट्रेनिंग ने उनके खेल को निखारने में मदद की.
कोच अभिषेक नायर ने उनके खेल को तकनीकी और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है. वहीं अजिंक्य रहाणे से उन्होंने संयम और संतुलन बनाए रखने की सीख ली है. सूर्यांश शेडगे खुद विराट कोहली, बेन स्टोक्स और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानते हैं. ये ऐसे खिलाड़ी हैं जो दबाव में भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं.
23 साल के सूर्यांश शेडगे ने अब तक 7 आईपीएल मैचों में 16.75 की औसत से 67 रन बनाए हैं. सूर्यांश ने कुल मिलाकर 8 फर्स्ट क्लास, 10 लिस्ट-ए और 25 टी20 मुकाबले खेले हैं. सूर्यांश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 439, लिस्ट-ए क्रिकेट में 111 और टी20 क्रिकेट में 258 रन बनाए हैं. सूर्यांश एक उपयोगी मीडियम पेस बॉलर भी हैं.
मां ने बेटे के खातिर छोड़ी नौकरी
मिडिल क्लास परिवार से आने वाले सूर्यांश शेडगे की सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान रहा है. सूर्यांश की मां ने उनके क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए बैंक की नौकरी छोड़ दी. जबकि उनके पिता ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया. यही कारण है कि सूर्यांश हमेशा मेहनत और अनुशासन को अपनी सफलता की असली कुंजी मानते हैं.
आईपीएल में इस यादगार पारी के साथ सूर्यांश शेडगे ने साफ संकेत दे दिया है कि वह सिर्फ एक उभरते खिलाड़ी नहीं, बल्कि आने वाले समय में पंजाब किंग्स के लिए एक भरोसेमंद मैच फिनिशर बन सकते हैं. अगर वह इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो भारतीय क्रिकेट को एक और खतरनाक टी20 बल्लेबाज मिल सकता है.