scorecardresearch
 

‘वैभव सूर्यवंशी का कॉन्फिडेंस बर्बाद कर दिया’, गंभीर एंड कंपनी पर भड़के श्रीकांत

पूर्व भारतीय ओपनर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने वैभव सूर्यवंशी को लगातार प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर हेड कोच गौतम गंभीर को घेरा है. उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने वैभव का कॉन्फिडेंस बर्बाद कर दिया है.

Advertisement
X
15 साल के वैभव को बेंच पर बैठाकर क्या कर रही टीम इंडिया? (Photo, PTI)
15 साल के वैभव को बेंच पर बैठाकर क्या कर रही टीम इंडिया? (Photo, PTI)

टीम इंडिया के पूर्व ओपनर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने गौतम गंभीर की अगुवाई वाले टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि वैभव सूर्यवंशी को लगातार प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का असर इस युवा बल्लेबाज के आत्मविश्वास पर पड़ सकता है.

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसी धूम मचाई है कि क्रिकेट जगत में हर तरफ उनकी चर्चा है. इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू, जिम्बाब्वे में प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब और फिर एशियन गेम्स में भारतीय टीम का हिस्सा... वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा की झलक दिखा दी है. लेकिन अब सवाल उनके प्रदर्शन का नहीं, बल्कि टीम इंडिया में उन्हें मिल रहे मौकों का है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के अब चारों मुकाबलों में वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भी वह बेंच पर बैठे रहे थे. लगातार इंतजार कर रहे इस किशोर बल्लेबाज के समर्थन में अब भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत उतर आए हैं. उन्होंने टीम मैनेजमेंट के फैसलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारत ने वैभव सूर्यवंशी का आत्मविश्वास पूरी तरह बर्बाद कर दिया है.

Advertisement

‘भारत ने वैभव का कॉन्फिडेंस पूरी तरह बिगाड़ दिया’

श्रीकांत का मानना है कि टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों को लगातार मौके देने की बजाय उनके साथ बार-बार बदलाव कर रहा है. इसका असर उनके आत्मविश्वास पर पड़ सकता है. उन्होंने संजू सैमसन का उदाहरण देते हुए कहा कि टीम इंडिया ने सिर्फ संजू ही नहीं, बल्कि वैभव के कॉन्फिडेंस को भी नुकसान पहुंचाया है.

इससे पहले श्रीकांत ने अपने यूट्यूब वीडियो में कहा, 'उन्होंने (टीम मैनेजमेंट ने) सिर्फ संजू सैमसन का आत्मविश्वास ही खराब नहीं किया है, बल्कि भारत ने वैभव सूर्यवंशी का कॉन्फिडेंस पूरी तरह बर्बाद कर दिया है.'

पूर्व भारतीय ओपनर श्रीकांत ने सवाल उठाया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को लगातार मैचों में मौका क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने सीधे हेड कोच गौतम गंभीर को सुझाव दिया कि अब अभिषेक शर्मा को आराम देकर वैभव और संजू सैमसन से ओपनिंग करानी चाहिए.

उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा को काफी मौके मिल चुके हैं और उन्हें  आराम दिया जा सकता है. ऐसी स्थिति में वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को पारी की शुरुआत करने का मौका मिलना चाहिए.

जिम्बाब्वे में चमके, फिर टीम में जगह के लिए इंतजार

वैभव सूर्यवंशी के लिए मौजूदा स्थिति इसलिए भी चर्चा का विषय है, क्योंकि उन्होंने अपनी पिछली टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से प्रभावित किया और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता.

Advertisement

इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज, एशियन गेम्स 2026 और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया. हालांकि, एशियन गेम्स को छोड़ दें तो उन्हें लगातार बेंच पर बैठना पड़ा है.

15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले वैभव से फैन्स को काफी उम्मीदें हैं. उनकी बल्लेबाजी में पहली गेंद से बड़े शॉट लगाने की क्षमता है. यही वजह है कि उन्हें भारतीय टीम में खेलते देखने की मांग भी लगातार उठ रही है. लेकिन टीम में चयनित होने और मैदान पर उतरने के बीच का यह लंबा इंतजार अब सवाल खड़े कर रहा है.

हालांकि, किसी खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला टीम की रणनीति, परिस्थितियों और संयोजन पर निर्भर करता है. इसके बावजूद श्रीकांत का तर्क है कि प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के बाद उसे मौके भी मिलने चाहिए, ताकि वह अपनी क्षमता दिखा सके.

संजू सैमसन की निरंतरता पर भी उठाए सवाल

श्रीकांत ने सिर्फ वैभव को मौका नहीं दिए जाने पर नाराजगी नहीं जताई, बल्कि संजू सैमसन के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए. उनका मानना है कि संजू की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी लंबे समय से दिखाई देती रही है.

Advertisement

संजू ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन शानदार पारियां खेलकर सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि, इसके बाद की सीरीज में उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. श्रीकांत के मुताबिक, संजू का प्रदर्शन अक्सर एक छोर से दूसरे छोर तक जाता है. वह कभी बेहद शानदार पारी खेलते हैं, तो कभी लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आते हैं.

उन्होंने कहा, 'संजू का प्रदर्शन हमेशा ऊपर-नीचे रहा है. उनकी निरंतरता पर हमेशा सवाल उठते रहे हैं. वह अचानक वर्ल्ड कप जैसी शानदार पारियां खेलेंगे और फिर अचानक काफी मैचों में नाकाम रहेंगे. अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी के प्रदर्शन में इस तरह के चरम बदलाव नहीं दिखते. अब संजू अगले मैच में फिर रन बनाएंगे.'

श्रीकांत की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भारतीय टीम में ओपनिंग की जगहों को लेकर बहस तेज हो रही है. एक तरफ अभिषेक शर्मा को लगातार मौके मिल रहे हैं, वहीं संजू सैमसन के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव के बावजूद वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल पा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement