15 साल के वैभव सूर्यवंशी तो बल्ले से ही कमाल दिखा ही रहे हैं. अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी से जुड़ी एक बड़़ी खबर सामने आ रही है.
आशीर्वाद ने समस्तीपुर में एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया और शतक जड़ दिया. आशीर्वाद के शतक के बारे में यह जानकारी उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की.
खास बात यह रही कि आशीर्वाद अपने बड़े भाई वैभव की तरह ताबड़तोड़ नहीं खेले, बल्कि उन्होंने धैर्य का परिचय देते हुए सूझबूझ और टिककर बल्लेबाजी की.
आशीर्वाद ने 87 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली. इसमें 20 चौके और एक छक्का शामिल रहा. आशीर्वाद सूर्यवंशी का कैच आयुष सिंह ने पकड़ा और प्रशांत राज ने उनका विकेट लिया. 
भाई ने हार्ट इमोजी के साथ शेयर की स्टोरी
आशीर्वाद की इस यादगार पारी की जानकारी उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए शेयर की.उज्ज्ववल ने मैच की तस्वीरें और स्कोरकार्ड पोस्ट करते हुए बताया कि आशीर्वाद ने अपने करियर का पहला शतक लगाया है.
इसके साथ उन्होंने तीन हार्ट इमोजी भी शेयर की. उज्ज्वल की इंस्टाग्राम में उनके शतक का फोटो, वीडियो और स्कोरकार्ड शामिल रहा.
स्कोरकार्ड के अनुसार, आशीर्वाद ने 87 गेंदों पर 103 रन बनाए. वहीं उनकी शानदार शतकीय पारी की बदौलत टीम का स्कोर 29.5 ओवर में 234 रन हो चुका था.
वैभव सूर्यवंशी पहले ही भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं और अब आशीर्वाद की यह पारी भी क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींच रही है. सोशल मीडिया पर उनकी सेंचुरी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि सूर्यवंशी परिवार से एक और प्रतिभाशाली क्रिकेटर भविष्य में बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है.
पिता संजीव भी आशीर्वाद के शतक पर खुश
आशीर्वाद के शतक के बाद पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी फेसबुक पर लिखा- मेरे छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी ने आज प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक बनाया, आप सभी से अनुरोध है कि आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें.
ध्यान रहे इससे पहले संजीव सूर्यवंशी ने एक वीडियो में कहा था कि अपने छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी को भी अगले 2 साल में वैभव की तरह एक बेहतरीन क्रिकेटर बना देंगे.