T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान की स्थिति अब 'करो या मरो' जैसी हो गई है. इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी के बावजूद टीम को हार झेलनी पड़ी, जिसके बाद तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी ने सेमीफाइनल की उम्मीदों को लेकर साफ कहा कि उन्हें दूसरे मैच के नतीजे का इंतजार है.
पाकिस्तान के इस प्रमुख लेफ्ट-आर्म पेसर ने श्रीलंका से उम्मीद जताई है कि वह न्यूजीलैंड को हराए, जिससे पाकिस्तान की नॉकआउट में पहुंचने की संभावना बनी रहे.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: पाकिस्तान की इंग्लैंड से सुपर-8 में हार का 'विलेन' कौन? कप्तान सलमान आगा हुए इन पर आगबबूला
इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट, लेकिन जीत नहीं
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आफरीदी ने चार विकेट झटके. यह प्रदर्शन असरदार रहा, लेकिन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शतक जमाकर मैच पाकिस्तान से छीन लिया.
सुपर-8 में पाकिस्तान का पहला मैच बारिश की वजह से धुल गया था, जबकि दूसरे में हार ने समीकरण मुश्किल बना दिए.
मैच के बाद आफरीदी ने कहा- क्रिकेट में ऐसा होता है. हम अभी भी टूर्नामेंट में हैं. पहले हमें अपना मैच जीतना है. हम उम्मीद कर रहे हैं कि न्यूजीलैंड अपना मैच हार जाए.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान कैसे कर सकता है टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई? 3 पॉइंट्स में समझें पूरी कहानी
सेमीफाइनल का गणित क्या कहता है?
25 फरवरी को आर प्रेमदासा में श्रीलंका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे.इसके बाद 28 फरवरी को पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा. अगर श्रीलंका न्यूजीलैंड को हरा देता है और पाकिस्तान अगला मैच जीतता है, तो समीकरण खुल जाएंगे. ऐसी स्थिति में नेट रन रेट (NRR) से फैसला हो सकता है.एक जीत के साथ श्रीलंका आगे नहीं निकल पाएगा, जबकि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के अंक बराबरी की स्थिति बना सकते हैं.
भारत के मैच के बाद ड्रॉप हुए थे आफरीदी
25 वर्षीय गेंदबाज को भारत के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद बाहर कर दिया गया था.वो नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेले और न्यूजीलैंड वाले सुपर-8 मुकाबले में भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. आफरीदी ने टीम मैनेजमेंट के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि उनका ध्यान सिर्फ वापसी पर था.हेड कोच के फैसले पर उन्होंने कोई सवाल नहीं उठाया. मेरा फोकस अपनी गेंदबाजी पर काम करना था, ताकि वापसी करूं और अच्छा प्रदर्शन दूं. मुझे किसी को कुछ साबित नहीं करना है. मौका मिलता है तो मैं 100 प्रतिशत देता हूं.