आयरलैंड के खिलाफ 26 जून से शुरू हो रही T20 सीरीज के पहले टीम इंडिया के नए कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने पहले टीम हडल में खिलाड़ियों का जोशीला भाषण दिया. बेलफास्ट में ट्रेनिंग सेशन के दौरान अय्यर ने साफ किया कि उनकी कप्तानी में टीम का सबसे बड़ा फोकस मजबूत टीम कल्चर, सकारात्मक माहौल और जीत की मानसिकता पर रहेगा.
श्रेयस अय्यर पहली बार भारत की T20 टीम की कप्तानी कर रहे हैं. उन्होंने वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभाली है. ट्रेनिंग के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की कप्तानी करना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह टीम एक परिवार की तरह है और सभी खिलाड़ियों को हर मुकाबले में जीत के इरादे से उतरना चाहिए.
अय्यर ने अपने भाषण में कहा- आइए शेरों की तरह खेलें. हर मैच में यही सोच लेकर उतरें कि हमें जीतना है और अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलना है. उनका यह संदेश टीम के भीतर नई ऊर्जा भरने वाला माना जा रहा है.
इससे पहले टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने श्रेयस अय्यर को कप्तानी संभालने पर बधाई दी. गंभीर ने उम्मीद जताई कि अय्यर टीम को नई दिशा देंगे. वहीं अय्यर ने कहा कि वह ड्रेसिंग रूम में ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं, जहां हर खिलाड़ी खुलकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके.
वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में बहाया पसीना
सीरीज के पहले मुकाबले से पहले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी चर्चा का केंद्र रहे. माना जा रहा है कि उन्हें दो मैचों की इस सीरीज में इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिल सकता है. बेलफास्ट में हुए नेट सेशन के दौरान वैभव ने हेड कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक की निगरानी में करीब एक घंटे तक नेट्स पर बल्लेबाजी की.
Start of something special 🌟
— BCCI (@BCCI) June 26, 2026
🎥 Glimpses of Vaibhav Sooryavanshi's first time in the #TeamIndia nets 🤩#IREvIND pic.twitter.com/zp3mPMch5R
कप्तानी की पहली बड़ी परीक्षा
यह सीरीज श्रेयस अय्यर के लिए कप्तान के तौर पर पहली बड़ी परीक्षा भी होगी. IPL में वह पहले ही अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर चुके हैं. उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स फाइनल तक पहुंचीं, जबकि गौतम गंभीर की मेंटरशिप में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खिताब भी जीता.
हालांकि पिछले दो सालों से वह भारतीय T20 टीम से बाहर थे, लेकिन लगातार दो शानदार IPL सीजन और घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने न सिर्फ टीम में वापसी की, बल्कि कप्तानी भी हासिल कर ली.
शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाने का प्रयोग अपेक्षित परिणाम नहीं दे सका. ऐसे में सूर्यकुमार यादव के विकल्प के रूप में टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स ने आखिरकार श्रेयस अय्यर पर भरोसा जताया. अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि वह अपनी कप्तानी की शुरुआत कितनी सफल बनाते हैं.