scorecardresearch
 

'यह अपमान बर्दाश्त से बाहर...', टीम इंडिया की शर्मनाक हार पर फूटा शशि थरूर का गुस्सा, बोले- अब कहने को कुछ नहीं बचा

सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम के सामने अब अपनी प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती है. भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां एवं आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथम्पटन में खेला जाएगा. टीम इंडिया इस मुकाबले को टी20 सीरीज का अंत कुछ हद तक सकारात्मक अंदाज में करना चाहेगी.

Advertisement
X
भारतीय टीम इंग्लिश के खिलाफ टी20 सीरीज गंवा चुकी है.. (Photo: Reuters)
भारतीय टीम इंग्लिश के खिलाफ टी20 सीरीज गंवा चुकी है.. (Photo: Reuters)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के महज चार महीने बाद टीम इंडिया ट्रैक से उतर चुकी है. आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से टी20 सीरीज गंवाने वाली टीम इंडिया को अब इंग्लैंड दौरे पर भी निराशा हाथ लगी है. 9 जुलाई (गुरुवार) को ब्रिस्टल में खेले गए सीरीज के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 9 विकेट से रौंद दिया. इस जीत के साथ ही इंग्लिश टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली.

टीम इंडिया की एक और सीरीज हार के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी. थरूर ने यहां तक कह दिया कि यह एक और अपमान है और अब उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा है.

इंग्लैंड की जीत के तुरंत बाद शशि थरूर ने एक्स पर लिखा, 'मैं वास्तव में नि:शब्द हूं. मैं हैरान और स्तब्ध हूं. यह अपमान बर्दाश्त से बाहर है. सचमुच अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा है.' थरूर की यह प्रतिक्रिया कुछ ही समय में वायरल हो गई. टीम इंडिया के लगातार खराब प्रदर्शन से निराश कई क्रिकेट फैन्स ने भी उनकी बातों से सहमति जताई.

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 158 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर को छोड़कर टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर एक बार फिर उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. श्रेयस ने मुश्किल परिस्थितियों में 49 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. हालांकि उनकी यह पारी भारत की हार टालने के लिए काफी साबित नहीं हुई.

Advertisement

साल्ट-ब्रूक ने की तगड़ी बैटिंग
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली. कप्तान हैरी ब्रूक और फिल साल्ट ने तूफानी अर्धशतक जड़ते हुए मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया. ब्रूक ने सिर्फ 35 गेंदों पर नाबाद 79 रन ठोके, जबकि फिल साल्ट 59 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर इंग्लैंड ने महज 13.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.

टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चिंता उसका लगातार गिरता प्रदर्शन है. भारत ने महज चार महीने पहले टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन उसके बाद टीम की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई नजर आ रही है. भारत ने साल 2019 के बाद पहली बार लगातार दो द्विपक्षीय टी20 सीरीज गंवाई है.

टी20 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम की कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर के लिए कप्तानी की शुरुआत बेहद खराब रही है. उनकी कप्तानी में भारत पहले आयरलैंड से सीरीज हारा और अब इंग्लैंड ने भी उसे पटखनी दे दी है. श्रेयस खुद बल्ले से रन बना रहे हैं, लेकिन टीम के बाकी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी साफ नजर आ रही है. खासकर टॉप ऑर्डर और बॉलर्स का प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement