scorecardresearch
 

'रिंकू स‍िंह सबसे आगे, मिले टीम इंड‍िया में जगह...', भड़का ये द‍िग्गज क्रिकेटर, सेलेक्शन पर उठाए सवाल

टीम इंडिया के फिनिशर रिंकू सिंह की टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी को लेकर पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने आवाज उठाई है. जाफर का मानना है कि बल्लेबाजी के लिहाज से रिंकू बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे हैं. उन्होंने कहा कि पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रिंकू से बेहतर विकल्प नजर नहीं आता. इसके बावजूद उन्हें टीम से बाहर रखना दुर्भाग्यपूर्ण है.

Advertisement
X
र‍िंकू स‍िंह के लिए वसीम जाफर ने की वकालत (Photo: AP)
र‍िंकू स‍िंह के लिए वसीम जाफर ने की वकालत (Photo: AP)

रिंकू सिंह को 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था. जिम्बाब्वे दौरे पर उनकी वापसी हुई, लेकिन इसके बाद फिर उन्हें मौका नहीं मिला. वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 में भारत की हार के बाद द‍िग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर ने टीम सेलेक्शन पर सवाल उठाए हैं. 

उन्होंने कहा- अगर बल्लेबाज के तौर पर देखें तो रिंकू सबसे आगे हैं. वह नंबर-5 और नंबर-6 पर शानदार बल्लेबाजी करते हैं और बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं. सिर्फ गेंदबाजी नहीं कर पाने की वजह से उनका टीम में नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं रजत पाटीदार का मामला समझ सकता हूं, क्योंकि वह टॉप ऑर्डर में खेलते हैं और वहां जगह नहीं है. लेकिन रिंकू टीम में होने चाहिए थे.

टी20 में रिंकू के आंकड़े कैसे रहे?
रिंकू ने 2026 में 10 टी20 इंटरनेशनल पारियों में 152 रन बनाए हैं. उनका औसत 24.33 और स्ट्राइक रेट 139.44 रहा है. इस साल उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 44 रन है. जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली बार मौका मिलने पर उन्होंने छठे नंबर पर उतरकर 14 गेंदों में 25 रन बनाए थे.

हालांकि, 2026 टी20 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के उपकप्तान रिंकू ने 11 पारियों में 295 रन बनाए. उनका एवरेज 59 और स्ट्राइक रेट 148.98 रहा. इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक लगाए.

Advertisement

नमन धीर से चार ओवर की उम्मीद ज्यादा: जाफर
जाफर ने भारतीय कोच गौतम गंभीर की रणनीति पर भी सवाल उठाए. उनका मानना है कि नमन धीर से चार ओवर गेंदबाजी कराने की उम्मीद जरूरत से ज्यादा है. नमन ने अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर तीन विकेट लिए थे, लेकिन अगले तीन मैचों में उन्हें कुल दो विकेट मिले. उन्हें पावरप्ले में भी गेंदबाजी दी गई, जिसे जाफर आदर्श विकल्प नहीं मानते.

नमन को वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया था. सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी करने को कहा गया है. वह रणजी ट्रॉफी 2025-26 में खेल रहे हैं और न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के लिए भारत-A टीम में भी चुने गए हैं.

जाफर के मुताबिक, नमन के लिए बल्लेबाजी में योगदान देना भी अहम है. डेब्यू मैच में उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाया था. इंदौर टी20 में पांच गेंदों पर 10 रन बनाए, जबकि हैदराबाद में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए. जाफर को उम्मीद है कि नमन तेजी से 25-30 रन बनाने की क्षमता दिखा सकते हैं.

रिंकू ने रणजी में ठोका शतक
टी20 टीम से बाहर रिंकू घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं. रणजी ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती मुकाबले में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए उन्होंने 168 गेंदों पर 112 रन बनाए. उत्तर प्रदेश ने यह मैच एक पारी और 267 रन से जीता.

Advertisement

इससे पहले दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन की ओर से खेलते हुए रिंकू ने ईस्ट जोन के खिलाफ 60 और 20 रन बनाए थे. उत्तर प्रदेश को अपना अगला मुकाबला 18 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलना है. रिंकू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4,000 रन पूरे करने से 131 रन दूर हैं.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement