scorecardresearch
 

चीफ सेलेक्टर बनेंगे रवींद्र जडेजा? BCCI से पूछ बैठे आवेदन का तरीका, क्या कहता है नियम

अजीत अगरकर के जाने के बाद बीसीसीआई के सामने अगला बड़ा सवाल नए चीफ सेलेक्टर के चयन का है. रवींद्र जडेजा का कमेंट भले ही सिर्फ हंसी-मजाक था, लेकिन इसने नए चयनकर्ता की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चा को जरूर और दिलचस्प बना दिया है.

Advertisement
X
अजीत अगरकर की विदाई के बाद कौन बनेगा चीफ सेलेक्टर? रवींद्र जडेजा का कमेंट वायरल. (Photo: PTI)
अजीत अगरकर की विदाई के बाद कौन बनेगा चीफ सेलेक्टर? रवींद्र जडेजा का कमेंट वायरल. (Photo: PTI)

अजीत अगरकर का टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर के तौर पर कार्यकाल खत्म होते ही नए चयनकर्ता की तलाश शुरू हो गई है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने सेलेक्टर के पद के लिए आवेदन मंगाए हैं और क्रिकेट जगत में कई नामों को लेकर चर्चा चल रही है. इसी बीच ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने बीसीसीआई की पोस्ट पर ऐसा कमेंट कर दिया कि उनके चीफ सेलेक्टर बनने की चर्चा छिड़ गई.

दरअसल, बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चीफ सेलेक्टर के खाली पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी साझा की. इस पोस्ट पर जडेजा ने बेहद मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, 'What the procedure?' यानी आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है?

रवींद्र जडेजा का यह कमेंट जाहिर तौर पर मजाक था, लेकिन नए चीफ सेलेक्टर को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनके इस जवाब ने खूब ध्यान खींचा.

क्या जडेजा बन सकते हैं चीफ सेलेक्टर?
रवींद्र जडेजा के कमेंट के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या वह वास्तव में सेलेक्टर के पद के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसका जवाब है- नहीं. बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक कोई सक्रिय क्रिकेटर चयन समिति या किसी प्रशासनिक पद पर नियुक्त नहीं हो सकता.

Advertisement

चीफ सेलेक्टर के पद के लिए उम्मीदवार का सभी तरह के क्रिकेट से कम से कम 5 साल पहले संन्यास लेना जरूरी है. रवींद्र जडेजा ने T20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास जरूर ले लिया था, लेकिन वह अभी टेस्ट और ओडीआई क्रिकेट खेल रहे हैं. इसके अलावा वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी सक्रिय हैं. ऐसे में मौजूदा नियमों के तहत वह इस पद के लिए योग्य नहीं हैं.

अजीत अगरकर ने 2023 में चीफ सेलेक्टर का पद संभाला था और उनका कार्यकाल भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद सफल रहा. उनकी अगुवाई में चयन समिति ने लगातार तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीमों का चयन किया. भारत ने अगरकर के कार्यकाल में T20 वर्ल्ड कप 2024, चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 और T20 वर्ल्ड कप 2026 अपने नाम किया. इसके अलावा भारतीय टीम क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल तक भी पहुंची. अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारत ने दो एशिया कप खिताब और दो एशियन गेम्स गोल्ड मेडल भी जीते.

अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने भी उनके योगदान को याद किया. बोर्ड ने उनके कार्यकाल में मिली उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी अगरकर के लिए खास संदेश लिखा. उन्होंने कहा कि अगरकर के तीन आईसीसी खिताब उनकी सोच और टीम को हमेशा प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं. गंभीर ने अपने संदेश में लिखा कि इतिहास अगरकर के साथ और ज्यादा न्याय करेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement