scorecardresearch
 

IPL में किया कमाल, अब टेस्ट डेब्यू का इंतजार... रविचंद्रन अश्विन की निगाहें इस खिलाड़ी पर

अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला सिर्फ एक टेस्ट मैच नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी की परीक्षा भी होगा. भारतीय फैन्स की नजरें बाएं हाथ के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे पर रहेंगी, जिनसे अब खुद रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज को बड़ी उम्मीदें हैं.

Advertisement
X
हर्ष दुबे इंटरनेशनल डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार. (Photo: PTI)
हर्ष दुबे इंटरनेशनल डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार. (Photo: PTI)

भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून (शनिवार) से मुल्लांपुर में टेस्ट मैच खेला जाना है. शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम इस मुकाबले के लिए जमकर तैयारी कर रही है. यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिए एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है. अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि कुछ युवा खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिला है.

इस मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक ऐसे युवा खिलाड़ी का नाम लिया है, जिस पर उनकी खास नजर रहने वाली है. अश्विन का मानना है कि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान अश्विन ने साफ कहा कि रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में कुलदीप यादव भारतीय स्पिन आक्रमण के अगुआ होंगे. उन्होंने कुलदीप की तारीफ करते हुए कहा कि वह शानदार लय में हैं और घरेलू परिस्थितियों में उनका अनुभव अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है. वहीं वॉशिंगटन सुंदर की कसी हुई गेंदबाजी और लंबा स्पेल डालने की क्षमता टीम को संतुलन प्रदान करेगी. हालांकि बातचीत के दौरान जिस खिलाड़ी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, वह हर्ष दुबे थे.
यह भी पढ़ें: उपकप्तानी जाने से ऋषभ पंत नाराज? भारतीय कोच ने खोला राज, बैटिंग को लेकर भी दी अहम सलाह

Advertisement

रविचंद्रन अश्विन ने कहा, 'मेरी नजरें हर्ष दुबे पर रहेंगी. मैं देखना चाहता हूं कि उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं. टीम मैनेजमेंट मानव सुथार और हर्ष दुबे में से किसे चुनता है, यह दिलचस्प होगा. लेकिन हर्ष ने जिस तरह घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन किया है और आईपीएल में खुद को साबित किया है, वह उनके पक्ष में जाता है. मैं उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलते देखने को लेकर उत्साहित हूं.'

IPL और घरेलू क्रिकेट में छाए हर्ष दुबे
दरअसल, हर्ष दुबे पिछले दो वर्षों में घरेलू क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में शामिल रहे हैं. विदर्भ के इस स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सिर्फ 27 मैचों में 133 विकेट हासिल किए हैं. बल्ले से भी उनका योगदान कम नहीं रहा है. हर्ष ने 1026 रन बनाए हैं और कई अहम मौकों पर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है.
यह भी पढ़ें: 'पंड्या परिवार में 10 ट्रॉफियां...', क्रुणाल पंड्या ने हार्दिक के साथ रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी

आईपीएल 2026 में भी उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया. आठ मैचों में आठ विकेट लेकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा और आखिरकार टीम इंडिया का बुलावा हासिल किया.

सुथार भी टेस्ट डेब्यू की कतार में
हालांकि भारतीय टीम के पास एक और मजबूत विकल्प मानव सुथार के रूप में मौजूद है. राजस्थान के इस स्पिन ऑलराउंडर ने भी घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड बनाया है. 29 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम पर 129 विकेट और 945 रन दर्ज हैं. ऐसे में प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर दोनों युवा खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है.

Advertisement

दूसरी ओर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम ने तेज गेंदबाजी विभाग को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में मोहम्मद सिराज को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी. इंग्लैंड के खिलाफ पिछले टेस्ट सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद सिराज अब युवा गेंदबाजों का नेतृत्व करते नजर आएंगे.

सबा करीम ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार की भी जमकर तारीफ की. उनका मानना है कि 6 फीट 4 इंच लंबे गुरनूर अपनी अतिरिक्त उछाल के दम पर भारतीय परिस्थितियों में भी बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement