भारत के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-ए मुकाबले में पाकिस्तान को दोहरा झटका लगा है. एक तरफ टीम को मैदान पर 64 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल(ICC) ने स्लो ओवर रेट के लिए उस पर जुर्माना ठोका है.
ICC ने सोमवार को जानकारी दी कि पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी थी. समय संबंधी सभी छूट (Time Allowances) को ध्यान में रखने के बाद भी पाकिस्तान एक ओवर पीछे पाया गया. इसके चलते ICC मैच रेफरी ट्रूडी एंडरसन ने टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया.
ICC के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आचार संहिता (Code of Conduct) के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार न्यूनतम ओवर रेट बनाए रखने में विफल रहने पर खिलाड़ियों पर प्रति ओवर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है. पाकिस्तान के मामले में टीम एक ओवर कम रही, इसलिए पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया.
मैच के दौरान ऑन-फील्ड अंपायर क्लेयर पोलोसाक और जैकुलिन विलियम्स, तीसरी अंपायर एलोइस शेरिडन और चौथी अंपायर सू रेडफर्न ने यह आरोप लगाया था. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को भी मान लिया. इसके बाद मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं रही.
यह भी पढ़ें: IND W vs PAK W, T20 World Cup 2026 Highlights: भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धो डाला, हरमन ब्रिगेड का वर्ल्ड कप में जीत से आगाज, स्मृति मंधाना-दीप्ति शर्मा छाईं
एजबेस्टन बर्मिंघम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रन पर सिमट गई और उसे 64 रन से हार का सामना करना पड़ा.
अब पाकिस्तान की नजरें टूर्नामेंट में वापसी पर होंगी. टीम अपना अगला मुकाबला 17 जून को इसी मैदान एजबेस्टन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी.