पाकिस्तान क्रिकेट में इस समय कुछ ठीक नहीं चल रहा है. पाकिस्तानी टीम को बांग्लादेश के हाथों हाल ही में वनडे सीरीज में 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी. वहीं आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम सुपर-8 स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी. इसी बीच एक ऐसा विवाद भी सामने आया है, जिसने टीम मैनेजमेंट से लेकर मेडिकल स्टाफ तक हलचल मचा दी है.
टीम के फिजियो क्लिफ डीकन पर सवाल उठ रहे हैं और उनकी भूमिका जांच के घेरे में आ गई है. मामला टीम के स्टार बल्लेबाजों बाबर आजम और फखर जमां की फिटनेस से जुड़ा है. दोनों खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट घोषित किए बिना ही टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया था. यह खुलासा तब हुआ, जब टूर्नामेंट के बाद उनकी मेडिकल जांच की गई.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मेडिकल पैनल में शामिल यूके के स्पोर्ट्स एक्सपर्ट डॉ. जावेद मुगल ने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया था. जांच में सामने आया कि बाबर आजम की हैमस्ट्रिंग इंजरी पहले से ज्यादा गंभीर थी, जबकि फखर जमां लंबे समय से फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे थे. इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया, जिससे अब चयन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
डीकन पर एक्शन होना तय!
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक चयन समिति ने मेडिकल पैनल को बताया कि टीम फिजियो क्लिफ डीकन ने बाबर आजम और फखर जमां को खेलने के लिए फिट घोषित किया था. यही वजह है कि अब जांच की दिशा सीधे फिजियो की ओर मुड़ गई है. क्लिफ डीकन पर पहले भी आरोप लग चुके हैं कि वह खिलाड़ियों को हल्की चोट के बावजूद बड़े टूर्नामेंट के लिए फिट घोषित कर देते हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.
चयनकर्ता आकिब जावेद ने बांग्लादेश सीरीज के लिए टीम घोषित करते समय इस पूरे मामले पर प्रकाश डाला था. आकिब ने कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप को दौरन चयनकर्ताओं को इन दोनों खिलाड़ियों के चोटों की जानकारी नहीं थी. आकिब ने पीसीबी से अनुरोध किया था कि वो पूरे मामले की जांच करे.
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान फिर आमने-सामने, इस देश में होगी हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की भिड़ंत
आकिब जावेद ने कहा था, 'फखर जमां भी चोटिल हैं. हमने इस मामले में क्रिकेट बोर्ड से जांच की मांग की है. ऐसा कैसे हो सकता है कि हमें फखर के अनफिट होने का पता वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद चला.' उनके इस बयान ने सीधे तौर पर टीम के मेडिकल स्टाफ और फिजियो पर सवाल खड़े किए. आकिब जावेद ने यह भी स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की फिटनेस की जिम्मेदारी टीम मैनेजमेंट की होती है.
फिलहाल बाबर आजम ने हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते नेशनल टी20 टूर्नामेंट से दूरी बनाई है और वह नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैब कर रहे हैं. उम्मीद है कि वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से वापसी करेंगे. वहीं फखर जमां ने मैदान पर वापसी कर ली है और संकेत दिए हैं कि अब वह पहले से बेहतर स्थिति में हैं.
यह विवाद अब सिर्फ पाकिस्तानी खिलाड़ियों की फिटनेस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट की चयन और मेडिकल सिस्टम की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर रहा है. अगर जांच में लापरवाही साबित होती है, तो टीम के फिजियो पर गाज गिरना तय माना जा रहा है.