पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा आने वाले समय में टी20 इंटरनेशनल से ब्रेक ले सकते हैं. आगा अपना वर्कलोड मैनेज करना चाहते हैं, ताकि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए बेहतर तैयारी कर सकें. आगा ने माना कि उनका प्रदर्शन हाल के समय में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. आगा ने कहा कि वो लगातार ये सोचते रहते हैं कि अपने खेल को कैसे बेहतर बनाया जाए और बड़े टूर्नामेंट के लिए खुद को कैसे तैयार किया जाए.
सलमान अली आगा ने पत्रकारों से कहा, “मुझे काफी चिंता रहती है. मैं सोचता रहता हूं कि मेरा वर्ल्ड कप अच्छा नहीं जा रहा और पाकिस्तान सुपर लीग भी अच्छा नहीं जा रहा. अभी वर्ल्ड कप काफी दूर है और हम उसी पर फोकस करेंगे. इस साल दिसंबर तक कोई टी20 इंटरनेशनल मैच भी नहीं है.'
यह भी पढ़ें: खाली मैदान में PSL के सवाल पर नकवी ने मारी पलटी, भारत के खिलाफ उगला जहर
सलमान अली आगाा ने साफ संकेत दिया कि पीएसएल खत्म होने के बाद उनका पूरा ध्यान वनडे और टेस्ट क्रिकेट पर रहेगा. आगा ने कहा, 'पीएसएल के बाद मेरा फोकस वनडे और टेस्ट क्रिकेट पर रहेगा. अगर मुझे लगता है कि वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए T20 क्रिकेट से ब्रेक लेना जरूरी है, तो मैं जरूर ऐसा करूंगा.'
सलमान अली आगा का मानना है कि 50 ओवर का वर्ल्ड कप हर खिलाड़ी के करियर का सबसे बड़ा मंच होता है और वह उसमें अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं. उन्होंने कहा, '50 ओवर का वर्ल्ड कप हर खिलाड़ी के लिए बहुत खास होता है और मेरे लिए भी होगा, अगर मुझे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए कुछ भी करना पड़ा, तो मैं करूंगा.'
कब होगा अगला ODI वर्ल्ड कप?
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप अगले साल अक्तूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट में कुल 54 मुकाबले होने हैं, जिनमें से 44 साउथ अफ्रीका में खेले जाएंगे. बाकी 10 मुकाबले जिम्बाब्वे और नामीबिया में होंगे.
यह भी पढ़ें: 'IPL के लिए PSL छोड़ा, अब हो रहा पछतावा...', पत्रकार के सवाल पर सन्न रह गया श्रीलंकाई क्रिकेटर, VIDEO
सलमान अली आगा ने पीएसएल को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि पीएसएल खिलाड़ियों की पहचान करने का एक बेहतरीन मंच है, लेकिन सिर्फ लीग के प्रदर्शन के आधार पर किसी खिलाड़ी को सीधे पाकिस्तान टीम में शामिल करना सही नहीं है. उन्होंने कहा, 'मेरे हिसाब से पीएसएल से खिलाड़ियों की पहचान होनी चाहिए. इसके बाद उन्हें घरेलू क्रिकेट में भेजा जाना चाहिए, वहां अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए और फिर पाकिस्तान टीम में मौका मिलना चाहिए.'
सलमान अली आगा ने यह भी कहा कि ऐसे कई खिलाड़ी रहे हैं जिन्हें पीएसएल से सीधे पाकिस्तानी टीम में जगह मिली, लेकिन वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सफल नहीं हो सके. उनके मुताबिक पीएसएल खिलाड़ियों को खोजने का अच्छा प्लेटफॉर्म है, लेकिन उन्हें सीधे राष्ट्रीय टीम में भेजना जोखिम भरा फैसला हो सकता है. उनके इस बयान ने पाकिस्तान क्रिकेट में खिलाड़ियों के चयन और वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर नई बहस छेड़ दी है.