पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज और सेलेक्टर आकिब जावेद ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद एक दिलचस्प तुलना करते हुए कहा कि टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह “फास्ट बॉलर्स के उस्मान तारिक” हैं. उनके इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में नई बहस शुरू हो गई.
दरअसल उस्मान तारिक अपने अलग और अनोखे बॉलिंग एक्शन के लिए जाने जाते हैं. जावेद का मानना है कि जिस तरह तारिक का एक्शन बल्लेबाजों को असहज करता है, उसी तरह बुमराह की गेंदबाजी भी बल्लेबाजों की लय बिगाड़ देती है. जावेद ने कहा कि इस पूरे टूर्नामेंट में बुमराह जैसा अलग गेंदबाज कोई और नहीं दिखा. उनके मुताबिक बुमराह का एक्शन भी सामान्य नहीं है और वह इतनी तेजी और अलग अंदाज से गेंदबाजी करते हैं कि बल्लेबाज कभी भी उनके सामने सहज महसूस नहीं करता.
बुमराह को लेकर क्या बोले आकिब जावेद
आकिब जावेद ने कहा, 'इस पूरे वर्ल्ड कप में ऐसा सिर्फ एक ही गेंदबाज है बुमराह. वह बाकी गेंदबाजों से बिल्कुल अलग हैं. जब वह गेंदबाजी करने आते हैं तो बल्लेबाज अपनी लय ही नहीं बना पाता. जावेद ने यह भी कहा कि मौजूदा दौर में वसीम अकरम और वकार जैसे महान तेज गेंदबाजों की झलक बहुत कम देखने को मिलती है.
यह भी पढ़ें: हर गेंद पर गुमराह करते बुमराह... तरकश के इस नए तीर ने वर्ल्ड कप में मचाया कहर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुमराह का शानदार प्रदर्शन
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मैचों में वह भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज हैं. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में जगह बनाई. फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका प्रदर्शन सबसे शानदार रहा. बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पूरे स्पेल में एक भी चौका नहीं दिया.
उनकी यह गेंदबाजी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी तेज गेंदबाज का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रही. इसके साथ ही बुमराह के नाम अब टी20 वर्ल्ड कप में 40 विकेट हो गए हैं.
यह भी पढ़ें: 'कभी बेटे को गोद में उठाकर मैदान में लाई थीं', बुमराह की पत्नी संजना गणेशन का पोस्ट, बोलीं- यादें बना लीं
उस्मान का कैसा रहा प्रदर्शन
वहीं, उस्मान तारिक की बात करें तो तारिक ने 5 मैचों में 10 विकेट झटके और कुल 141 रन लुटाए. जबकि बुमराह ने 8 मैचों में केवल 174 रन दिए और 14 विकेट भी लिए.