महेंद्र सिंह धोनी लंबे समय से आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे बड़े आकर्षण रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ सीजन में टीम के लिए उनका योगदान सीमित रहा है. अब आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले सीएसके के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को पुष्टि की थी कि 44 वर्षीय धोनी इंजरी के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों से बाहर रहेंगे. लेकिन अब एक नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि वह अप्रैल के आखिरी सप्ताह में ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं. इसका मतलब है कि धोनी कम से कम छह मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं.
सीएसके 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में अपने अभियान की शुरुआत करेगी. टीम के एक अधिकारी ने बताया कि धोनी पहले मैच के लिए टीम के साथ यात्रा पर नहीं गए हैं और फिलहाल आराम कर रहे हैं.
घुटने की समस्या से जूझ रहे धोनी
पिछले कुछ सीजन में धोनी घुटने की समस्याओं से जूझते रहे हैं और आईपीएल 2023 के बाद उन्होंने सर्जरी भी करवाई थी. इसी वजह से पिछले सीजन में वह नंबर 7 या 8 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, क्योंकि वह ज्यादा देर तक बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे थे और विकेटों के बीच पहले जैसी तेजी से दौड़ना भी उनके लिए मुश्किल हो गया था.
यह भी पढ़ें: किंग की फॉर्म देख मचा शोर- कोहली! फिर पहन लो व्हाइट जर्सी, क्या टेस्ट में फिर दिखेगा ‘विराट’ राज?
कुछ दिन पहले नेट्स में अभ्यास के दौरान धोनी के लंगड़ाते हुए चलने का वीडियो भी सामने आया था, जिससे यह संकेत मिला था कि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं. हालांकि, सीएसके को धोनी की गैरमौजूदगी का ज्यादा असर महसूस नहीं हो सकता. संजू सैमसन को टीम का पहला विकेटकीपर माना जा रहा है. वहीं लोअर मिडिल ऑर्डर में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: CSK फैन्स को बड़ा झटका, इंजरी के चलते दो हफ्ते तक नहीं खेल सकेंगे धोनी
धोनी की फिटनेस को देखते हुए यह भी संभव है कि आईपीएल 2026 में उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया जाए, क्योंकि वह लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की स्थिति में नहीं दिख रहे हैं. सोशल मीडिया और फैन चर्चाओं में भी यही माना जा रहा है कि उनकी वापसी के बाद उन्हें सीमित भूमिका दी जा सकती है.
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स का शेड्यूल:
* 30 मार्च: राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, गुवाहाटी
* 3 अप्रैल: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स, चेन्नई
* 5 अप्रैल: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, बेंगलुरु
* 11 अप्रैल: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई
* 14 अप्रैल: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई
* 18 अप्रैल: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, हैदराबाद
* 23 अप्रैल: मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई
* 26 अप्रैल: गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, अहमदाबाद
* 2 मई: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस, चेन्नई
* 5 मई: दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली
* 10 मई: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई
* 15 मई: लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ
* 18 मई: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई
* 21 मई: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस, चेन्नई