हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड... 649 दिन... एक तेज गेंदबाज के लिए यह सिर्फ समय नहीं, बल्कि चोट, रिहैब, संघर्ष और वापसी की लंबी कहानी है. 12 अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में उतरे मयंक यादव ने हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐसा कमबैक किया, जिसे भारतीय क्रिकेट लंबे समय तक याद रखेगा.
मयंक ने मैच की पहली ही गेंद पर जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बेनेट को पवेलियन भेजकर अपने कमबैक का ऐलान किया. इसके बाद उन्होंने एक और विकेट चटकाते हुए कुल दो शिकार किए और साबित कर दिया कि उनकी रफ्तार और धार दोनों पहले जैसी ही हैं. 649 दिन बाद वापसी करने वाले इस स्पीड स्टार के लिए इससे बेहतर शुरुआत शायद ही हो सकती थी. जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मैच में उन्हें 2 विकेट (4-0-18-2) हासिल हुए.
Aate hi kaam shuru kar diye 🔥💪
— FanCode (@FanCode) July 23, 2026
Watch it LIVE only on FanCode! 🇮🇳 👇https://t.co/q6VBxaRJz3#ZIMvIND #RokoNahiThoko #MayankYadav pic.twitter.com/Pg9RugnnTR
लगातार दो टी20I में पहली गेंद पर विकेट
मयंक की वापसी इसलिए भी खास रही, क्योंकि उन्होंने अपने पिछले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी पहली ही गेंद पर विकेट लिया था. 12 अक्टूबर 2024 को हैदराबाद में बांग्लादेश के खिलाफ 298 रनों के विशाल लक्ष्य का बचाव करते हुए उन्होंने परवेज हुसैन इमोन को पहली ही गेंद पर आउट किया था.
अब जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी मैच में भी उन्होंने विपक्षी पारी की पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट का विकेट चटका दिया. इसके साथ ही मयंक यादव लगातार दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में विपक्षी पारी की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए.
दो रिकॉर्ड, एक ही मैच में
मैच की पहली गेंद पर भारतीय गेंदबाज के विकेट
(इसका मतलब है कि भारत जब मैच में पहले गेंदबाजी कर रहा था, तब भारतीय गेंदबाज ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लिया)
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से गेंदबाजी करते हुए मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने का कारनामा अब तक सिर्फ तीन बार हुआ है.
- अर्शदीप सिंह – शायन जहांगीर (अमेरिका), नसाउ, टी20 विश्व कप 2024
- हार्दिक पंड्या – सैम अयूब (पाकिस्तान), दुबई, एशिया कप 2025
- मयंक यादव – ब्रायन बेनेट (जिम्बाब्वे), हरारे, 2026
विपक्षी पारी की पहली गेंद पर सर्वाधिक बार विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
(इसका मतलब है कि भारतीय गेंदबाज ने विपक्षी टीम की पारी की पहली ही गेंद पर विकेट लिया. इसमें भारत पहले या बाद में गेंदबाजी कर रहा हो, दोनों स्थितियां शामिल हैं)
- भुवनेश्वर कुमार – 3 बार
- हार्दिक पंड्या – 2 बार
- अर्शदीप सिंह – 2 बार
- मयंक यादव – 2 बार
- रविचंद्रन अश्विन – 1 बार
रफ्तार से बनाई थी पहचान
दिल्ली के मयंक यादव ने बेहद कम घरेलू क्रिकेट खेलकर ही अपनी गति से सबका ध्यान खींच लिया था. सिर्फ दो लिस्ट-ए मैच खेलने के बाद ही लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें आईपीएल 2022 से पहले अपनी टीम में शामिल कर लिया. हालांकि हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट ने उनके करियर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया और वह लंबे समय तक मैदान से दूर रहे.
फिट होकर लौटने के बाद उन्होंने देवधर ट्रॉफी में नॉर्थ जोन की ओर से खेलते हुए राहुल त्रिपाठी का मिडिल स्टंप उखाड़कर अपनी रफ्तार का परिचय दिया और फिर आईपीएल में मौका मिला.
IPL 2024 में मचाया था तहलका
मयंक ने आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू करते हुए 4 ओवर में 3/27 का शानदार प्रदर्शन किया और 155.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी. अगले ही मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 156.7 किमी प्रति घंटे की गेंद डालकर उस सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड बनाया. उस मैच में उन्होंने 3/14 का प्रदर्शन किया.
मयंक आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बने, जिन्हें अपने पहले दो मैचों में लगातार 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
भारत को फिर मिला स्पीड वेपन
भारतीय टीम लंबे समय से ऐसे तेज गेंदबाज की तलाश में थी, जो लगातार 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी कर सके. चोटों से उबरकर 649 दिन बाद मयंक यादव ने जिस अंदाज में वापसी की है, उसने भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी को नई धार दे दी है. अगर वह फिट रहे, तो आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में विपक्षी बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं.