भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 0-3 से पिछड़ चुकी न्यूजीलैंड की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण बाकी टी20 मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे. न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने गुरुवार (29 अक्टूबर) को इसकी पुष्टि की. फर्ग्यूसन को दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान दाएं पैर की पिंडली में दर्द हुआ था. स्कैन में मांसपेशियों में मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई है.
लॉकी फर्ग्यूसन की रिकवरी में करीब एक सप्ताह या उससे अधिक समय लग सकता है. ऐसे में उनका लक्ष्य आगामी वनडे सीरीज तक फिट होना है. अब फर्ग्यूसन की जगह तेज गेंदबाज मैट फिशर को बाकी दो टी20 मैचों के लिए भी कीवी टीम में शामिल किया गया है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला शुक्रवार (30 अक्टूबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा.
उधर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी दूसरे टी20 के दौरान चोटिल हो गए थे. उनके दाएं पैर की जांघ की मांसपेशी में चोट आई है और उन्हें ठीक होने में एक से दो सप्ताह लग सकते हैं. हालांकि, हेनरी पहले से तय वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण टी20 सीरीज के बाकी मैचों में खेलने वाले नहीं थे. टीम को उम्मीद है कि वह वनडे सीरीज में उपलब्ध रहेंगे.
मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने दोनों खिलाड़ियों के चोटिल होने पर निराशा जताई. उन्होंने कहा कि लॉकी फर्ग्यूसन ईडन पार्क में घरेलू दर्शकों के सामने खेलने को लेकर काफी उत्साहित थे, लेकिन अब उनका ध्यान वनडे सीरीज के लिए वापसी करने पर है.
इसी बीच, फास्ट बॉलर काइल जेमिसन वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत वेलिंगटन में रुकेंगे. वह शनिवार (31 अक्टूबर) को फोर्ड ट्रॉफी में कैंटरबरी के लिए खेल सकते हैं और सोमवार (2 नवंबर) को न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे. टीम अब वनडे सीरीज से पहले अपने प्रमुख तेज गेंदबाजों की फिटनेस पर नजर रखेगी.
न्यूजीलैंड का फुल स्क्वॉड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), जैकब डफी, मैट फिशर, जकारी फाउलकेस, बेवोन जैकब्स, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर.