भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड की सीनियर पुरुष टीम में राजस्थान में जन्मे ऑलराउंडर जय मूंदरा को शामिल किया गया है. टोंक से निकलकर डबलिन तक का उनका सफर अब एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गया है, जहां वह टीम इंडिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने के बेहद करीब हैं. खास बात यह है कि भारतीय मूल के इस खिलाड़ी की सीधी टक्कर भारत के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी समेत भारतीय खिलाड़ियों से देखने को मिल सकती है.
जय मूंदरा का सेलेक्शन कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है. वह पूर्व पंजाब में जन्मे ऑलराउंडर सिमी सिंह के बाद आयरलैंड की नेशनल टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले एशियाई मूल के दूसरे क्रिकेटर बन सकते हैं. उनकी कहानी संघर्ष, धैर्य और सपनों को सच करने की मिसाल है.
जय मूंदरा ने क्रिकेट की शुरुआत राजस्थान के टोंक जिले से की थी. बचपन में उन्होंने एक तेज गेंदबाज के रूप में खेलना शुरू किया, लेकिन समय के साथ अपने खेल को निखारते हुए खुद को एक बल्लेबाजी ऑलराउंडर के रूप में विकसित किया. साथ ही उन्होंने लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी को भी अपनी उपयोगी दूसरी कला बनाया.
क्रिकेट आयरलैंड से बातचीत में मूंदरा ने बताया कि जीवन के एक दौर में उनका पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित हो गया था. हालांकि कॉलेज के दिनों में उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा. कॉलेज टीम से खेलने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि उनकी गेंदबाजी की गति पहले से काफी बढ़ चुकी है, जिसने उनके भीतर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की नई उम्मीद जगाई.
After what he describes as a "speechless" moment, Jai Moondra is ready for the challenge ahead against India later this week.
— Cricket Ireland (@cricketireland) June 23, 2026
👀 Learn all about Jai here: https://t.co/zPo4SN1jyw#BackingJai #BackingGreen #FailteSolar pic.twitter.com/ms1FZm1vcq
साल 2019 में ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद जय मूंदरा के सामने जीवन का सबसे बड़ा फैसला था. एक तरफ सुरक्षित कॉर्पोरेट करियर का रास्ता था, जबकि दूसरी ओर क्रिकेट में खुद को साबित करने का सपना. उन्होंने जोखिम उठाते हुए क्रिकेट को चुना और अपने सपने को आखिरी मौका देने का फैसला किया.
इसी टारगेट के साथ वह 2021 में मास्टर्स प्रोग्राम इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए आयरलैंड पहुंचे. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने वहां क्रिकेट के अवसर तलाशने शुरू किए. यह फैसला उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
आयरलैंड पहुंचने के बाद मूंदरा ने प्रतिष्ठित लेइनस्टर क्रिकेट क्लब जॉइन किया. घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उन्होंने खुद को एक भरोसेमंद मैच विनर के रूप में स्थापित किया. आयरिश सीनियर कप में लेइनस्टर को खिताब दिलाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही. इसी प्रदर्शन ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर खींचा.
अब उनकी मेहनत का फल उन्हें भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड की सीनियर टीम में सेलेक्शन के रूप में मिला है. यह सीरीज जय मूंदरा के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने और दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक भारत के खिलाफ खुद को साबित करने का बड़ा मंच होगी.
आयरलैंड का स्क्वॉड: लोर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडायर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्री, गैविन होए, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंदरा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर और रूबेन विल्सन.
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी.
भारत का आयरलैंड दौरा (जून)
• पहला टी20: 26 जून, बेलफास्ट
• दूसरा टी20: 28 जून, बेलफास्ट