क्या आपकी अलमारी में भी सबसे ज्यादा काले रंग के कपड़े हैं? या आपके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति है जो हर मौके पर काला रंग पहनना पसंद करता है? कई लोगों का मानना है कि काला रंग पहनने वाले लोग रहस्यमयी, गंभीर या इंट्रोवर्ट होते हैं. वहीं कुछ लोग इसे आत्मविश्वास और स्टाइल की निशानी मानते हैं. लेकिन क्या सच में किसी के पसंदीदा रंग से उसके स्वभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है? साइकोलॉजी कहता है कि किसी व्यक्ति की रंगों की पसंद उसके मूड, पसंद और खुद को दुनिया के सामने पेश करने के तरीके के बारे में कुछ संकेत दे सकती है. हालांकि, केवल कपड़ों के रंग के आधार पर किसी की पूरी पर्सनैलिटी तय नहीं की जा सकती. आइए जानते हैं कि काला रंग पसंद करने वाले लोगों के बारे में मनोविज्ञान क्या कहता है.
काला रंग क्यों पसंद आता है?
साइकोलॉजिस्ट विंदा सिन्हा कहती हैं कि काला रंग लंबे समय से ताकत, गंभीरता, सादगी और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि बिजनेस मीटिंग, फॉर्मल इवेंट और फैशन इंडस्ट्री में काले रंग का इस्तेमाल खूब होता है. कई लोगों के लिए यह सिर्फ एक स्टाइल नहीं, बल्कि खुद को सहज महसूस कराने वाला रंग भी होता है.
क्या काला रंग पहनने वाले लोग इंट्रोवर्ट होते हैं?
साइकोलॉजिस्ट कहती हैं कि अक्सर देखा गया है कि जो लोग बार-बार काला रंग चुनते हैं, उनमें से कुछ अपनी निजी जिंदगी को दूसरों से शेयर करना पसंद नहीं करते. वे भीड़ में रहकर भी अपने बारे में कम बताते हैं. ऐसे लोग हर किसी से जल्दी घुलते-मिलते नहीं हैं और पहले सामने वाले को समझना पसंद करते हैं. हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हर काला रंग पहनने वाला व्यक्ति इंट्रोवर्ट ही होगा. कई एक्स्ट्रोवर्ट लोग भी फैशन या पसंद की वजह से काला रंग पहनते हैं. कई साइकोलॉजिस्ट मानते हैं कि काला रंग व्यक्ति को मजबूत और प्रभावशाली महसूस कराता है. इसलिए कई लोग इंटरव्यू, प्रेजेंटेशन या किसी खास मौके पर काले कपड़े पहनना पसंद करते हैं.
दिलचस्प बात यह है कि कुछ लोगों के लिए यही काला रंग आत्मविश्वास बढ़ाने का जरिया भी बन जाता है. वहीं कुछ लोग अपने भीतर की झिझक या असहजता को छिपाने के लिए भी काले कपड़े चुन सकते हैं. यानी एक ही रंग अलग-अलग लोगों के लिए अलग मायने रख सकता है.
सादगी पसंद करने वाले भी चुनते हैं काला रंग
काला रंग लगभग हर रंग के साथ आसानी से मैच हो जाता है. इसलिए जो लोग सादगी पसंद करते हैं या कपड़े चुनने में ज्यादा समय नहीं लगाना चाहते, वे भी अक्सर काले रंग को प्राथमिकता देते हैं. उनके लिए यह फैशन से ज्यादा सुविधा और सादगी का हिस्सा होता है. काला रंग पसंद करने वाले कुछ लोग अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त नहीं करते. वे खुश हों, परेशान हों या किसी तनाव में हों, हर बात सभी के साथ शेयर करना उन्हें पसंद नहीं होता. ऐसे लोग पहले खुद चीजों को समझने की कोशिश करते हैं और फिर जरूरत पड़ने पर ही अपनी बात कहते हैं.
क्या ऐसे लोग दिल के अच्छे होते हैं?
किसी व्यक्ति का दिल अच्छा है या नहीं, इसका फैसला उसके कपड़ों के रंग से नहीं किया जा सकता. लेकिन कई बार ऐसे लोग भरोसेमंद, जिम्मेदार और अपने करीबी लोगों के प्रति बेहद ईमानदार होते हैं. वे दिखावे से दूर रहना पसंद करते हैं और अपने काम से पहचान बनाना चाहते हैं. साइकोलॉजी के अनुसार, किसी व्यक्ति का व्यवहार, उसकी परवरिश, अनुभव, माहौल, सोच और जीवन की परिस्थितियां उसकी पर्सनैलिटी को आकार देती हैं. कपड़ों का रंग केवल एक छोटा-सा संकेत हो सकता है.
अगर कोई व्यक्ति हमेशा काला रंग पहनता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह इंट्रोवर्ट, उदास या रहस्यमयी ही होगा. हो सकता है उसे यही रंग सबसे ज्यादा पसंद हो, वह इसे स्टाइलिश मानता हो या फिर उसे इसमें सबसे ज्यादा आराम महसूस होता हो. काला रंग पहनना किसी व्यक्ति की पसंद हो सकती है, लेकिन इससे उसकी पूरी पर्सनैलिटी तय नहीं की जा सकती. साइकोलॉजी के अनुसार काला रंग पसंद करने वाले कुछ लोगों में आत्मविश्वास, सादगी, निजी जिंदगी को निजी रखने की आदत और गंभीर सोच जैसी बातें देखने को मिल सकती हैं.
फिर भी हर व्यक्ति अलग होता है और केवल कपड़ों के रंग के आधार पर उसके स्वभाव का फैसला करना सही नहीं होगा. इसलिए अगली बार जब आप किसी को काले कपड़ों में देखें, तो उसके रंग से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और व्यक्तित्व से उसे समझने की कोशिश करें.