मुंबई इंडियंस ने 10 मई, रविवार को रायपुर में होने वाले करो या मरो मुकाबले से पहले कप्तान हार्दिक पंड्या और उपकप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर नया अपडेट दिया है. शुरुआत में दोनों खिलाड़ी टीम के साथ इस मुकाबले के लिए यात्रा नहीं कर पाए थे. हार्दिक पीठ में ऐंठन (Back Spasm) के कारण पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए . वहीं सूर्यकुमार यादव भी रायपुर के लिए रवाना नहीं हुए.
मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने आरसीबी के खिलाफ मुकाबले से पहले कहा, हार्दिक की मेडिकल टीम लगातार जांच कर रही है और उनकी स्थिति को लेकर हमें आगे अपडेट दिया जाएगा. वहीं, सूर्या कल टीम से जुड़ जाएंगे.
क्या मुंबई इंडियंस पहले ही बाहर हो चुकी है?
RCB के खिलाफ यह मुकाबला मुंबई इंडियंस के लिए हर हाल में जीतना जरूरी है. दोनों वरिष्ठ खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में पूर्व कप्तान Rohit Sharma के दोबारा टीम की कप्तानी संभालने की संभावना बन सकती थी. हालांकि, सूर्यकुमार यादव के मैच से पहले टीम से जुड़ने की उम्मीद है, इसलिए अगर हार्दिक फिट नहीं होते हैं तो सूर्या कप्तानी करते नजर आ सकते हैं.
इस बीच Sherfane Rutherford ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, एक खिलाड़ी के तौर पर हमारे लिए जरूरी है कि हम उन्हीं चीजों पर ध्यान दें जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं. चयन हमारे हाथ में नहीं है, इसलिए हम अपना फोकस सही जगह रखते हैं, लगातार मेहनत करते हैं, निरंतर प्रदर्शन करते हैं और बाकी फैसला चयनकर्ताओं पर छोड़ देते हैं.
यह भी पढ़ें: रोहित के साथ सेल्फी लेते वक्त बंद हुआ फैन का फोन, हिटमैन का रिएक्शन VIRAL
मुंबई इंडियंस फिलहाल पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और उसके खाते में सिर्फ छह अंक हैं. टीम के पास अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की हल्की उम्मीद बची हुई है, लेकिन इसके लिए बाकी चारों मुकाबले जीतना बेहद जरूरी होगा.
रदरफोर्ड ने आगे कहा, हमें हर मैच जीतना होगा. हमें पता है कि टॉप-4 में पहुंचने के लिए क्या करना है. हमारे सामने रास्ता साफ है. अगले चारों मैच जीतने हैं. बात इतनी ही सरल है. मुंबई इंडियंस के लिए अब हर मुकाबला फाइनल जैसा बन चुका है. टीम को न सिर्फ अपने सभी बाकी मैच जीतने होंगे बल्कि प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा.