इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हाथों मिली 55 रनों की करारी हार के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) फायदे में रही. यही वजह है कि मैच के बाद टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने आरसीबी की रणनीति को स्मार्ट गेम प्लान बताया और कहा कि यह हार भी टीम के लिए किसी जीत से कम नहीं थी.
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की.
इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. विराट कोहली सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए और टीम कभी भी मैच में पूरी तरह मजबूत स्थिति में नजर नहीं आई. लेकिन इसके बावजूद आरसीबी ने एक बेहद अहम काम कर लिया. टीम ने हार का अंतर इतना कम रखा कि नेट रनरेट शानदार रहे और क्वालिफायर-1 की जगह हाथ से ना निकले.
मैच के बाद वीरेंद्र सहवाग ने आरसीबी की इसी रणनीति की तारीफ की. सहवाग ने क्रिकबज से कहा, 'आरसीबी को इससे फर्क ही क्या पड़ता है. शायद उन्हें पता था कि 255 रन चेज करना आसान नहीं होगा. उन्होंने पहले यह सुनिश्चित किया कि टीम 160-170 तक पहुंच जाए और फिर बड़े शॉट खेलने शुरू किए. कभी-कभी आप हारकर भी जीत जाते हैं और आज आरसीबी के साथ बिल्कुल वही हुआ.'
'कोहली जरूर नाराज होंगे...'
वीरेंद्र सहवाग ने यह भी कहा कि विराट कोहली जरूर अपने आउट होने के तरीके से नाराज होंगे, लेकिन टीम का फोकस सिर्फ मैच जीतने पर नहीं बल्कि टॉप-2 में जगह बचाने पर भी था. आरसीबी की तरफ से वेंकटेश अय्यर ने 44 रनों की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने अर्धशतक लगाकर टीम को संभालने की कोशिश की. क्रुणाल पंड्या ने भी नाबाद 41 रन बनाए.
आरसीबी ने पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी की और सिर्फ 4 विकेट गंवाए. यही वजह रही कि टीम का नेट रनरेट ज्यादा खराब नहीं हुआ और वह पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनी रही. मैच के बाद आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर ने भी माना कि टीम के सामने कन्फ्यूजिंग सिचुएशन थी. उन्होंने कहा कि एक तरफ 255 रन का पीछा करना था, वहीं दूसरी तरफ टॉप-2 की पोजिशन भी बचानी थी.
एंडी फ्लावर ने कहा, 'हम बल्लेबाजों को यह फैसला लेने देना चाहते थे कि कब जोखिम लेना है और कब मैच को कंट्रोल करना है. आखिरकार हमने लीग स्टेज टॉप पर खत्म किया, जो हमारे लिए बेहद अहम था.'