गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) में एक बड़ा मुकाम हासिल करते हुए नया इतिहास रच दिया है. गिल IPL में 4000 रन पूरे करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने यह उपलब्धि 26 साल 216 दिन की उम्र में हासिल की, जिससे उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
गिल ने यह खास उपलब्धि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हासिल की. इस मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 28वां अर्धशतक भी पूरा किया और टीम के लिए 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अहम भूमिका निभाई.
IPL में 4000 रन तक सबसे कम उम्र में पहुंचने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब गिल शीर्ष पर पहुंच गए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 27 साल 195 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया था. इस सूची में Sanju Samson और Suresh Raina जैसे दिग्गज भी शामिल हैं.
ऐसा रहा है गिल का करियर
अगर गिल के IPL करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने 2018 में डेब्यू किया था और तब से लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया है. अब तक 121 मैचों में वह 4000 से ज्यादा रन बना चुके हैं. उनका औसत 40 से अधिक का है और स्ट्राइक रेट करीब 139 का रहा है. इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 28 अर्धशतक भी लगाए हैं.
गिल ने अपने IPL करियर की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ की थी, जहां उन्होंने 2018 से 2021 के बीच चार सीजन में 1417 रन बनाए. इसके बाद 2022 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया और तब से वह टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बन गए हैं.
उनका सबसे शानदार सीजन 2023 रहा, जब उन्होंने 17 मैचों में 890 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में छाए रहे. वहीं, पिछले सीजन में भी उन्होंने 15 मैचों में 650 रन बनाकर टीम के लिए अहम योगदान दिया था.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: विराट कोहली का नागिन डांस VIRAL, RCB प्लेयर्स नहीं रोक सके हंसी
IPL में 4000 रन तक सबसे कम उम्र में पहुंचने वाले खिलाड़ी:
* शुभमन गिल – 26 साल 216 दिन
* विराट कोहली – 27 साल 195 दिन
* संजू सैमसन – 29 साल 147 दिन
* सुरेश रैना – 29 साल 174 दिन
**शुभमन गिल के IPL आंकड़े:**
* मैच: 121
* रन: 4025
* हाईएस्ट स्कोर: 129
* औसत: 40.25
* स्ट्राइक रेट: 139.12
* शतक: 4